कवर्धा में गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा, कंटेनर के गुप्त चैंबर से 407 किलो गांजा जब्त

ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था 2.03 करोड़ रुपये का गांजा, अलीगढ़ के दो तस्कर गिरफ्तार; चिल्फी में पुलिस ने की कार्रवाई
कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए 407 किलो से अधिक गांजा जब्त किया है। तस्करी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे कंटेनर ट्रक को भी जब्त किया गया है। पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत 2 करोड़ 3 लाख 66 हजार 500 रुपये आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर चिल्फी में नाकेबंदी
कवर्धा पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कंटेनर ट्रक में भारी मात्रा में गांजा भरकर दो व्यक्ति रायपुर और कवर्धा के रास्ते मध्यप्रदेश की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने चिल्फी में नाकेबंदी कर संदिग्ध कंटेनर को रोक लिया। इसके बाद वाहन की तलाशी ली गई।
ड्राइवर सीट के ऊपर बनाया था गुप्त चैंबर
कंटेनर की तलाशी के दौरान पुलिस को ड्राइवर सीट के ऊपर विशेष रूप से तैयार किया गया गोपनीय चैंबर मिला। इसकी जांच करने पर खाकी टेप से लिपटे 192 पैकेट बरामद हुए। इनमें गांजा छिपाकर रखा गया था। वजन कराने पर कुल 407 किलो 330 ग्राम गांजा मिला, जिसकी कीमत 2 करोड़ 3 लाख 66 हजार 500 रुपये बताई गई है।
ओडिशा की सुनकी घाटी से भरवाया था गांजा
कवर्धा एसपी जितेंद्र कुमार यादव के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू यादव और विकास यादव के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे 17 नवंबर को अलीगढ़ से निकले थे। इसके बाद 21 नवंबर को ओडिशा की सुनकी घाटी में कंटेनर के गुप्त चैंबर में गांजा भरवाया था। इसे लेकर वे उत्तर प्रदेश जा रहे थे, लेकिन चिल्फी में पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना चिल्फी में अपराध क्रमांक 30/2026 दर्ज किया है। उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) और 29 के तहत कार्रवाई की जा रही है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अब गांजे की आपूर्ति करने वाले स्रोत और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।





