भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योतिलाल पटेल ने दिया इस्तीफा, प्रभारी मंत्री और जिला महामंत्री पर लगाए गंभीर आरोप

प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव को सौंपा त्यागपत्र, संगठन में खींचतान और आगामी नगर पालिका चुनाव में प्रत्याशी चयन को लेकर दबाव बनाने का लगाया आरोप
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले की राजनीति में उस समय हलचल तेज हो गई, जब भाजपा के जिला अध्यक्ष ज्योतिलाल पटेल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना त्यागपत्र प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव को सौंपा है। इस्तीफा पत्र में उन्होंने संगठन के भीतर कथित खींचतान और विपरीत परिस्थितियों को अपने फैसले की वजह बताया है।
प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा पर लगाए आरोप
प्रदेश अध्यक्ष को संबोधित पत्र में ज्योतिलाल पटेल ने जिला प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा के क्रियाकलापों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके कार्यों से सरकार की छवि प्रभावित हो रही है और जिले में पार्टी संगठन कमजोर हो रहा है।
जिला महामंत्री पर दबाव बनाने का आरोप
जिलाध्यक्ष ने जिला महामंत्री अमित तिवारी पर भी संगठन को अपने हिसाब से संचालित करने का आरोप लगाया है। पत्र के अनुसार, आगामी सारंगढ़ नगर पालिका चुनाव में अध्यक्ष और पार्षद पदों के प्रत्याशियों के चयन को लेकर उन पर बार-बार अपनी पसंद के उम्मीदवारों को आगे बढ़ाने के लिए अनुचित दबाव बनाया जा रहा था।
तनाव और संगठनात्मक परिस्थितियों को बताया इस्तीफे की वजह
ज्योतिलाल पटेल ने अपने त्यागपत्र में कहा है कि संगठन के भीतर चल रही विपरीत परिस्थितियों के कारण वे चिंतित और तनावग्रस्त हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने जिलाध्यक्ष पद छोड़ने का निर्णय लिया है। साथ ही प्रदेश नेतृत्व से उनका इस्तीफा स्वीकार करने का आग्रह किया है।
राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व को भी भेजी प्रतिलिपि
इस्तीफा पत्र की प्रतिलिपि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) कमलेश सिंह और प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी डॉ. नवीन मार्कण्डेय को भी भेजी गई है।
जिलाध्यक्ष के इस्तीफे के बाद अब भाजपा के जिला संगठन में आगे क्या बदलाव होंगे और प्रदेश नेतृत्व इस मामले में क्या रुख अपनाएगा, इसे लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।





