केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ में कृषि और ग्रामीण विकास की उपलब्धियों को सराहा

कृषि उत्पादन में बढ़ोतरी और किसानों की मेहनत की सराहना
रायपुर। केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में सराहनीय और प्रभावी कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ पहले से ही “धान का कटोरा” है, लेकिन अब राज्य में फल और सब्जियों के उत्पादन में तेजी आने से कृषि क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
प्रधानमंत्री आवास योजना में छत्तीसगढ़ को बड़ा योगदान
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि पिछले डेढ़ वर्षों में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत छत्तीसगढ़ को 18,12,742 पक्के मकानों की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में 15,000 और पीएम जनमन योजना के अंतर्गत 33,000 अतिरिक्त आवास स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि छत्तीसगढ़ में कोई भी गरीब परिवार पक्के मकान के बिना न रहे।
ग्रामीण अधोसंरचना और सड़कों का विकास
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत छत्तीसगढ़ को 47,847 किलोमीटर लंबी 10,199 सड़कों की स्वीकृति मिली, जिन पर हजारों करोड़ रुपये की लागत से कार्य किए गए हैं। इनमें अधिकांश सड़क निर्माण पूर्ण हो चुका है और कई पुल भी बन चुके हैं। पीएम जनमन योजना के तहत भी सड़कों और पुलों की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिससे दूरस्थ और वंचित क्षेत्रों में विकास कार्य तेज़ी से प्रारंभ हो सके।
मुख्यमंत्री का संदेश
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार केंद्र सरकार के सहयोग से कृषि, आवास और ग्रामीण विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर रही है, ताकि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंच सके।












