एमएसपी स्टील फैक्ट्री हादसा : मजदूर की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों का प्रदर्शन, 50 लाख मुआवजा व नौकरी की मांग

रायगढ़ जिले में स्थित एमएसपी स्टील एंड स्पंज फैक्ट्री में 24 नवंबर को हुए हादसे के बाद माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। कन्वेयर बेल्ट की चपेट में आने से मजदूर लक्ष्मण साहू (40 वर्ष) की मौत के बाद उसके परिजन और ग्रामीणों ने कंपनी गेट के सामने जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया है। प्रदर्शनकारी 50 लाख रुपये मुआवजा और एक परिजन को नौकरी दिए जाने की मांग पर अड़े हुए हैं।
25 नवंबर की सुबह लगभग 9 बजे से प्रदर्शन शुरू किया गया, जिसमें परिजनों और ग्रामीणों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। स्थिति को देखते हुए कंपनी गेट को बंद कर दिया गया। मौके पर पहुँची चक्रधर नगर पुलिस और कंपनी अधिकारी लगातार आंदोलनकारियों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं, हालांकि वे अपनी मांगों पर अडिग हैं।
कैसे हुआ था हादसा?
लक्ष्मण साहू, जो मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले का निवासी था, पिछले कुछ समय से जामगांव स्थित एमएसपी प्लांट में मजदूरी कर रहा था। 24 नवंबर को सुबह लगभग 11 बजे वह अन्य मजदूरों के साथ प्लांट में काम कर रहा था, तभी अचानक उसका हाथ चल रहे कन्वेयर बेल्ट में फंस गया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस कर रही है शांति बहाल करने का प्रयास
चक्रधर नगर थाना प्रभारी जीएल साहू ने बताया कि परिजन और ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर लगातार विरोध कर रहे हैं। पुलिस उन्हें समझाने का प्रयास कर रही है और उम्मीद है कि जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी।
हादसे के बाद से क्षेत्र में गम और आक्रोश दोनों माहौल देखा जा रहा है। परिजन कंपनी से उचित मुआवजा और नौकरी की मांग पर अटल हैं, जब तक समाधान नहीं निकलता तब तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी गई है।












