छत्तीसगढ़रायगढ़

रायगढ़ में एक्टिवा चोरी का सनसनीखेज खुलासा: बेचने की फिराक में घूम रहे दो आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े

Advertisement
Advertisement

संजय कॉम्प्लेक्स के पास खड़ी स्कूटी चोरी, शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया मामला और शुरू की जांच

रायगढ़, 9 मार्च 2026। शहर के संजय मार्केट इलाके में हुई एक्टिवा चोरी की घटना का पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए पर्दाफाश कर दिया है। कोतवाली और चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चोरी की स्कूटी के साथ दो संदिग्धों को पकड़ा गया। इनमें एक 19 वर्षीय युवक और एक विधि से संघर्षरत नाबालिग शामिल है। पुलिस ने चोरी की स्कूटी बरामद कर आरोपी युवक को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुराना शनिदेव मंदिर के पीछे खड़ी की गई थी स्कूटी, रात को लौटे तो वाहन गायब मिला

मिली जानकारी के अनुसार बैकुण्ठपुर रायगढ़ निवासी मुकेश अग्रवाल (47 वर्ष) ने 6 मार्च को थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके भाई मनोज कुमार अग्रवाल के नाम से पंजीकृत होंडा एक्टिवा (CG 13 Y 8208) को 5 मार्च की दोपहर पुराना शनिदेव मंदिर के पीछे स्थित सुलभ शौचालय के पास लॉक कर खड़ा किया गया था।
इसके बाद वे संजय कॉम्प्लेक्स स्थित अपनी अंजली गारमेंट दुकान पर चले गए थे। रात करीब 9:15 बजे दुकान बंद कर जब वे वापस पहुंचे तो स्कूटी वहां से गायब थी। आसपास काफी खोजबीन के बावजूद वाहन का कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया।

पेट्रोलिंग के दौरान चक्रधरनगर पुलिस को मिली सफलता, संदिग्धों से पूछताछ में खुला राज

मामले की जांच के दौरान 7 मार्च की दोपहर चक्रधरनगर थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम को दो युवक एक सफेद स्कूटी के साथ संदिग्ध हालत में दिखाई दिए। पुलिस ने जब उनसे पूछताछ की तो वे स्कूटी बेचने के लिए ग्राहक तलाशने की बात कहने लगे।
संदेह होने पर पुलिस ने वाहन की जानकारी “सशक्त ऐप” में जांची, जिससे पता चला कि यह वही स्कूटी है जिसकी चोरी की रिपोर्ट कोतवाली थाने में दर्ज है।

कड़ी पूछताछ में कबूल किया अपराध, चोरी की एक्टिवा स्कूटी बरामद

सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों संदिग्धों से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी मनोज भारती और उसके साथ मौजूद नाबालिग ने स्कूटी चोरी करना स्वीकार कर लिया।
नाबालिग के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने चोरी की एक्टिवा स्कूटी CG 13 Y 8208 को जब्त कर लिया, जिसकी कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई जा रही है।

एक आरोपी जेल भेजा गया, नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष किया गया प्रस्तुत

इस मामले में पुलिस ने मनोज भारती (19 वर्ष) पिता रामलाल भारती निवासी प्रेमनगर थाना चक्रधरनगर जिला रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं विधि से संघर्षरत नाबालिग को नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

 

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button