जोगीडीपा मुद्दे पर उमेश अग्रवाल का कांग्रेस पर हमला, कहा— ‘भाजपा गरीबों को घर देती है, कांग्रेस ने उजाड़ा’

रायगढ़। जोगीडीपा क्षेत्र में प्रस्तावित कार्रवाई और पुनर्वास को लेकर प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य एवं पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष उमेश अग्रवाल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस गरीब हितैषी होने का दिखावा कर रही है, जबकि उसके शासनकाल में गरीबों को सरकारी जमीनों से बेदखल किया गया था। वहीं भाजपा सरकार गरीबों को पक्का आवास उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।
जोगीडीपा में पुनर्वास की बात, तोड़फोड़ नहीं करेगी भाजपा सरकार
उमेश अग्रवाल ने कहा कि भाजपा सरकार की नीति तोड़फोड़ नहीं बल्कि पुनर्वास की है। उन्होंने दावा किया कि जोगीडीपा में झोपड़ियों में रहने वाले परिवारों को पक्के मकानों में बसाया जाएगा। उनका कहना था कि भाजपा गरीबों को बेघर नहीं करती, बल्कि उन्हें सम्मानजनक जीवन देने के लिए कार्य करती है।
भूपेश सरकार पर सरकारी जमीनें बेचने का आरोप
पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भूपेश सरकार के कार्यकाल में सरकारी जमीनों को धन्ना सेठों और साहूकारों को बेचा गया, जबकि वर्षों से वहां रह रहे गरीबों को विस्थापित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि कई परिवारों को बिना समुचित पुनर्वास के हटाया गया, जिसके कारण वे बेघर हो गए।
कांग्रेस से पूछा— पांच साल में कितने सामुदायिक भवन बनाए?
उमेश अग्रवाल ने कांग्रेस के विकास कार्यों पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने ढाई वर्षों में एक दर्जन से अधिक सामुदायिक भवन बनाकर विभिन्न समाजों को सौंपे हैं। उन्होंने कांग्रेस से पूछा कि अपने पांच वर्षों के शासनकाल में उसने सरकारी जमीनों पर कितने सामुदायिक भवनों का निर्माण कराया।
विपक्ष में संघर्ष और सत्ता में विकास का दावा
उन्होंने कहा कि भाजपा ने विपक्ष में रहते हुए किसानों, सड़कों और गौठानों से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष किया। कोडातराई राष्ट्रीय राजमार्ग घेराव, घरघोड़ा से रायगढ़ तक पदयात्रा और विभिन्न जनआंदोलनों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा जनता के मुद्दों के साथ खड़ी रही है।
कांग्रेस का विरोध केवल कागजी, जनता का समर्थन नहीं
उमेश अग्रवाल ने कांग्रेस के वर्तमान विरोध प्रदर्शन को केवल औपचारिकता बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब जनआंदोलन करने की स्थिति में नहीं है और उसकी गतिविधियां केवल प्रेस विज्ञप्तियों तक सीमित हो गई हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के आंदोलनों में जनता का समर्थन दिखाई नहीं देता।
सिंदूर पार्क, नालंदा परिसर और सड़क विकास का किया उल्लेख
भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि रिक्त पड़े इतवारी बाजार क्षेत्र में सिंदूर पार्क विकसित किया गया है। वहीं मेरिन ड्राइव क्षेत्र में नालंदा परिसर जैसी बड़ी लाइब्रेरी का निर्माण कराया गया। इसके अलावा पहाड़ मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने तथा शहर की प्रमुख सड़कों के उन्नयन का भी उल्लेख किया।
पीएम आवास और महतारी वंदन योजना का किया जिक्र
उमेश अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना और महतारी वंदन योजना के माध्यम से गरीब परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। उन्होंने दोहराया कि भाजपा सरकार गरीबों को पक्का मकान देने और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।






