अपराधछत्तीसगढ़रायगढ़

घरघोड़ा में इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान चोरी का खुलासा: ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ में मुख्य आरोपी और चोरी का माल खरीदने वाला गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement

रायगढ़/घरघोड़ा, 01 जून 2026। रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत घरघोड़ा पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक्स एवं मोबाइल दुकान में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान चोरी के एलसीडी टीवी, इंडक्शन और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग, ग्राहक बनकर करता था चोरी

मामले की शुरुआत 22 सितंबर 2025 को हुई थी, जब वार्ड क्रमांक-15 घरघोड़ा निवासी अमन गुप्ता ने थाना घरघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी दुकान “गोल्डी फर्नीचर इलेक्ट्रॉनिक एंड मोबाइल” से 20-21 सितंबर 2025 की रात मोबाइल फोन, एलसीडी टीवी, इंडक्शन और पंखे चोरी हो गए थे।

दुकान में सामान कम दिखाई देने पर सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें रामायण दास महंत उर्फ बर्रा संदिग्ध गतिविधियां करते दिखाई दिया। जांच में सामने आया कि आरोपी ग्राहक बनकर दुकान में आता था और मौका मिलते ही सामान बाहर निकालकर चोरी कर लेता था।

फरार आरोपी को पुलिस ने दबोचा, चोरी की वारदात कबूली

थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 255/2025 के तहत धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना के बाद आरोपी लगातार फरार था। थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में उसकी तलाश जारी थी।

मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने रामायण दास महंत उर्फ बर्रा (45 वर्ष), निवासी बर्रा, थाना खरसिया को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने दुकान से दो एलसीडी टीवी, एक ओप्पो मोबाइल, दो इंडक्शन और दो सीलिंग पंखे चोरी करना स्वीकार किया।

36 हजार रुपये का सामान बरामद, मोबाइल खरीदने वाला भी गिरफ्तार

आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने उसके कब्जे से दो एलसीडी टीवी और दो इंडक्शन बरामद किए, जिनकी कीमत लगभग 36 हजार रुपये बताई गई है।

पूछताछ में आरोपी ने चोरी का ओप्पो मोबाइल घरघोड़ा निवासी मोहम्मद मुजाहिद खान उर्फ राजू खान को बेचने की जानकारी दी। पुलिस ने राजू खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके कब्जे से चोरी का मोबाइल फोन बरामद किया गया।

चोरी और चोरी की संपत्ति रखने के अपराध में कार्रवाई

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि रामायण दास महंत ने अपने मालिक द्वारा सौंपी गई संपत्ति का दुरुपयोग करते हुए चोरी की थी। वहीं दूसरे आरोपी ने चोरी की संपत्ति को अपने कब्जे में रखा था। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर मामले में धारा 306 एवं 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस टीम की सक्रियता से हुआ मामले का खुलासा

पूरे मामले के खुलासे में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक तथा आरक्षक हरिश पटेल और उधोराम पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी बोले— चोरी और चोरी का माल खरीदना, दोनों अपराध

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि चोरी केवल संपत्ति का नुकसान नहीं, बल्कि किसी की मेहनत और विश्वास पर भी चोट है। चोरी करने वालों के साथ-साथ चोरी के माल की खरीद-फरोख्त करने वालों के खिलाफ भी रायगढ़ पुलिस सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है।

गिरफ्तार आरोपी

  • रामायण दास महंत उर्फ बर्रा (45 वर्ष), निवासी बर्रा, थाना खरसिया, जिला रायगढ़
  • मोहम्मद मुजाहिद खान उर्फ राजू खान (35 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक-02, ब्लॉक कॉलोनी, घरघोड़ा, जिला रायगढ़

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button