बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर गांजा तस्करी का भंडाफोड़, महिला समेत 5 गिरफ्तार

नर्मदा एक्सप्रेस से गांजा ले जाने की थी तैयारी, 24 किलो मादक पदार्थ बरामद
बिलासपुर। रेलवे के जरिए गांजा तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ जीआरपी ने बड़ी कार्रवाई की है। बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर दबिश देकर पुलिस ने एक महिला समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से करीब 24 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 12.50 लाख रुपये बताई गई है।
प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध गतिविधियों की मिली सूचना
जीआरपी थाना प्रभारी विष्णु यादव के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 11 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 और 8 पर कुछ संदिग्ध लोग मौजूद हैं। उनके पास नशीले पदार्थ की खेप होने की आशंका जताई गई थी।
घेराबंदी कर पांचों को हिरासत में लिया
सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम तत्काल स्टेशन पहुंची और प्लेटफॉर्म पर संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। इसके बाद नियमानुसार तलाशी लेने पर उनके कब्जे से गांजा बरामद हुआ। बरामद मादक पदार्थ का वजन करीब 24 किलो बताया गया है।
नर्मदा एक्सप्रेस से तस्करी की थी तैयारी
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी गांजे की खेप को नर्मदा एक्सप्रेस के जरिए दूसरे स्थान पर ले जाने की तैयारी में थे। जीआरपी अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और गांजे की सप्लाई के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांच में जुटी जीआरपी
एक साथ पांच लोगों की गिरफ्तारी और बड़ी मात्रा में गांजा बरामद होने के बाद पुलिस इस पूरे मामले को तस्करी के नेटवर्क से जोड़कर जांच कर रही है। जीआरपी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे ट्रेन के जरिए किस स्थान तक पहुंचाया जाना था।






