रायगढ़

रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में 50 करोड़ के निर्माण कार्यों को मंजूरी, जल्द शुरू होगी कैंसर मरीजों की कीमोथेरेपी सुविधा

Advertisement

स्वशासी समिति की बैठक में कई अहम फैसले

रायगढ़ के स्व. श्री लखीराम अग्रवाल स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में शुक्रवार को छत्तीसगढ़ आरोग्य चिकित्सा शिक्षण एवं अनुसंधान समिति की स्वशासी समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की। वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी भी बैठक में मौजूद रहे।

मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के लिए 50 करोड़ मंजूर

बैठक में चिकित्सा महाविद्यालय भवन और चिकित्सालय भवन में विभिन्न मरम्मत एवं निर्माण कार्यों के लिए 50 करोड़ रुपये के अनुमोदन को मंजूरी दी गई। स्वास्थ्य मंत्री ने लोक निर्माण विभाग को सभी कार्य गुणवत्ता के साथ-साथ बेहतर स्वरूप में पूरा करने के निर्देश दिए।

कैंसर मरीजों को जल्द मिलेगी कीमोथेरेपी सुविधा

बैठक में रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में कैंसर मरीजों के लिए जल्द कीमोथेरेपी सुविधा शुरू करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही एड्स मरीजों के उपचार के लिए ART सेंटर प्रारंभ करने की दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

स्थानीय स्तर पर बेहतर होंगी स्वास्थ्य सुविधाएं

बैठक में मरीजों के लिए आवश्यक आकस्मिक दवाइयों की नियमानुसार खरीदी को मंजूरी दी गई। इन सुविधाओं के शुरू होने से मरीजों को उच्च स्तरीय जांच और उपचार सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होने की उम्मीद है।

टेक्नीशियन और स्टाफ की होगी आउटसोर्स भर्ती

मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध अस्पताल में जरूरत के अनुसार टेक्नीशियन, स्टाफ नर्स, कंप्यूटर ऑपरेटर सहित तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों पर आउटसोर्स के माध्यम से भर्ती करने का निर्णय लिया गया।

लेक्चर और डेमो हॉल होंगे हाईटेक

एमबीबीएस और एमएस/एमडी के लेक्चर एवं डेमो हॉल में इंटरएक्टिव पैनल लगाने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही चिकित्सकों और छात्र-छात्राओं को पेपर पब्लिकेशन, वर्कशॉप और कॉन्फ्रेंस अधिक संख्या में आयोजित करने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए।

जरूरी दवाइयों की तत्काल खरीदी के लिए व्यवस्था

मरीजों के हित में तत्काल जरूरत वाली दवाइयों, केमिकल्स, किट्स, ग्लासवेयर सहित छोटी-छोटी आवश्यक सामग्रियों की शीघ्र खरीदी के लिए क्लिनिकल विभागाध्यक्षों को स्वशासी मद से 5 हजार रुपये की अग्रिम राशि देने की व्यवस्था को मंजूरी दी गई। इसका नियमित बजट से समायोजन किया जाएगा।

समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश

बैठक में लिए गए फैसलों से मेडिकल कॉलेज और संबद्ध अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, उपलब्धता और पहुंच में सुधार की उम्मीद जताई गई। संबंधित अधिकारियों को स्वीकृत कार्यों को तय समय-सीमा में पूरा कर आमजन को जल्द लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल, महापौर श्री जीवर्धन चौहान, स्वास्थ्य विभाग के सचिव श्री अमित कटारिया, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, अधिष्ठाता डॉ. संतोष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, विभागाध्यक्ष और समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button