Uncategorised

करंट हादसा: खेत की घेराबंदी करते समय एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, गांव में मातम

Advertisement

तखतपुर के ग्राम भाड़म में दर्दनाक हादसा, महिला और उसके दो पुत्रों की करंट लगने से मौके पर ही मौत

बिलासपुर जिले के तखतपुर जनपद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत भाड़म में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक ही परिवार के तीन सदस्यों की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतकों में एक महिला और उसके दो पुत्र शामिल हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।

खेत में घेराबंदी के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, ग्राम भाड़म निवासी दसन बाई सिंगरौल शुक्रवार सुबह अपने खेत में जानवरों के प्रवेश को रोकने के लिए GI तार और नायलॉन रस्सी से घेराबंदी करने गई थीं। उनके साथ उनके दो पुत्र विवेक सिंगरौल (23) और सत्यव्रत सिंगरौल (14) भी मौजूद थे।

इसी दौरान किसी तरह तीनों करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

शाम को खेत में मिले तीनों के शव

मृतका के पति सीताराम सिंगरौल, जो पेशे से चालक हैं, जब शाम को घर लौटे तो पत्नी और दोनों बेटे घर पर नहीं मिले। काफी तलाश के बाद वे खेत पहुंचे, जहां तीनों के शव पड़े मिले। यह दृश्य देखकर परिजन स्तब्ध रह गए और तुरंत कोटा थाना पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम के बाद शव सौंपे गए

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। देर शाम होने के कारण उसी दिन पोस्टमार्टम नहीं हो सका। बाद में शनिवार को पुलिस ने मर्ग कायम कर तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिए।

करंट कैसे फैला, जांच जारी

प्रारंभिक जांच में मौत का कारण करंट लगना सामने आया है। हालांकि खेत में करंट कैसे प्रवाहित हुआ और हादसे के पीछे वास्तविक कारण क्या था, इसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button