तमनार में लकड़ी से लदा वन विभाग का ट्रक पलटा, नीचे दबा श्रमिक

ग्रामीणों और रेस्क्यू टीम की मदद से करीब एक घंटे बाद श्रमिक को सुरक्षित निकाला गया, अस्पताल में कराया गया भर्ती
तमनार। तमनार क्षेत्र में गुरुवार दोपहर लकड़ी से लदा वन विभाग का ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में ट्रक में सवार एक श्रमिक उसके नीचे दब गया। घटना की सूचना मिलते ही तमनार पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया।
सामने से वाहन आने पर बिगड़ा ट्रक का संतुलन
जानकारी के अनुसार वन विभाग के ट्रक में नागरामुड़ा, तमनार से लकड़ियां लोड कर उन्हें रायगढ़ डिपो ले जाया जा रहा था। इसी दौरान कसडोल और घटोरिया मंदिर के बीच अमरैय्या के पास सामने से आ रहे वाहन को साइड देने के दौरान चालक ने ट्रक पर से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद ट्रक सड़क किनारे पलट गया।
केबिन तोड़कर बाहर निकले चालक और अन्य श्रमिक
हादसे के समय ट्रक के केबिन में चालक समेत कुछ श्रमिक मौजूद थे। ट्रक के पलटते ही चालक और अन्य श्रमिकों ने किसी तरह केबिन को तोड़कर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हालांकि इसी दौरान एक श्रमिक ट्रक के नीचे फंस गया।
कमर से नीचे का हिस्सा ट्रक के नीचे दबा
हादसे में रजी उरांव, पिता धनसाय उरांव, निवासी उर्दना, रायगढ़ ट्रक के नीचे फंस गया था। बताया गया कि उसका कमर से नीचे का हिस्सा ट्रक के भारी हिस्से के नीचे दबा हुआ था। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
जेसीबी और हाइड्रा की मदद से निकाला गया
तमनार पुलिस के पहुंचने के बाद ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी और हाइड्रा क्रेन की सहायता से ट्रक को हटाकर श्रमिक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।






