रायगढ़

खरसिया में आधी रात भीषण सड़क हादसा, ट्रक मकान में घुसा और लगी आग

Advertisement

बिजली खंभा तोड़ते हुए रिहायशी मकान में घुसा सरिया लदा ट्रक, तीन बाइक समेत दुकान और सामान जलकर राख

खरसिया। नगर के रायगढ़ चौक रोड पर आधी रात के बाद एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रायगढ़ से रायपुर की ओर जा रहा सरिया लदा तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक सीजी 04 ओके 4176 अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे को तोड़ते हुए एक रिहायशी मकान में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का खंभा टूटने के साथ ही ट्रक में आग लग गई और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया।

धमाके से जागा परिवार, समय रहते घर से निकले लोग

हादसे के समय मकान के भीतर परिवार के सदस्य सो रहे थे। ट्रक की जोरदार टक्कर और धमाके की आवाज के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें उठती देख परिवार के लोग किसी तरह समय रहते मकान से बाहर निकल आए। राहत की बात यह रही कि हादसे में परिवार के किसी सदस्य के हताहत होने की सूचना नहीं है।

चालक ने भी कूदकर बचाई जान

टक्कर के बाद ट्रक में आग लगते ही चालक ने भी सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से बाहर छलांग लगा दी। इस तरह चालक की जान भी बच गई। देखते ही देखते आग इतनी तेज फैल गई कि आसपास के हिस्से भी इसकी चपेट में आ गए।

दो दुकानों और तीन बाइक समेत लाखों का नुकसान

आग की चपेट में मकान के सामने संचालित दो दुकानें, मोटरसाइकिल मॉडिफाइड खौमचे का ठेला और वहां खड़ी तीन बाइक आ गईं। आग से ट्रक, बाइक, दुकान का सामान और घर का काफी हिस्सा जलकर राख हो गया। आग की वजह से मकान मालिक के सामने रोजगार और आजीविका का संकट भी खड़ा हो गया है। प्रारंभिक तौर पर नुकसान लाखों रुपये में होने की आशंका जताई जा रही है।

बिजली खंभा टूटने से इलाके में बिजली आपूर्ति प्रभावित

हादसे में बिजली का खंभा टूट जाने से आसपास के इलाके की बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हो गई। रात से बिजली आपूर्ति बाधित रही और दिनभर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बताया जा रहा है कि शाम तक भी बिजली व्यवस्था पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी थी।

रातभर से दिन तक बनी रही अफरा-तफरी

भीषण टक्कर, आग और बिजली व्यवस्था प्रभावित होने के कारण रायगढ़ चौक रोड क्षेत्र में रात से लेकर दिनभर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। हादसे में जनहानि नहीं होने को बड़ी राहत माना जा रहा है, हालांकि संपत्ति और रोजगार से जुड़े नुकसान ने प्रभावित परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा कर दिया है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button