Koriya News : नौगई तिहरे हत्याकांड की जांच के लिए कोरिया पहुंची CBI टीम, घटनास्थल का किया निरीक्षण

राज्य सरकार की सिफारिश के बाद सीबीआई को सौंपी गई जांच, पुलिस से केस डायरी और दस्तावेज लिए
कोरिया। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित नौगई तिहरे हत्याकांड की जांच के लिए सीबीआई (CBI) की टीम कोरिया पहुंच गई है। निष्पक्ष जांच की मांग और पीड़ित परिवार के लगातार दबाव के बाद राज्य सरकार ने 30 जून को मामले की जांच सीबीआई को सौंपने की सिफारिश की थी।
सीबीआई टीम ने संभाली जांच की कमान
जानकारी के अनुसार, चरचा स्थित पंचवटी रेस्ट हाउस में ठहरी सीबीआई टीम को कोरिया पुलिस के डीएसपी राजेश साहू ने केस डायरी और महत्वपूर्ण दस्तावेज सौंपे। दस्तावेजों की प्रारंभिक जांच के बाद सीबीआई अधिकारी एसपी कार्यालय पहुंचे और वहां से सीधे सोनहत के नौगई गांव स्थित घटनास्थल पर पहुंचे।
सीबीआई टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीबीआई अधिकारियों ने फिलहाल मीडिया से दूरी बनाए रखी है।
फॉर्च्यूनर में आग लगाकर की गई थी हत्या
गौरतलब है कि 16 जून की रात रेत कारोबार और आपसी विवाद को लेकर भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की फॉर्च्यूनर गाड़ी को हाईवा से रोककर पेट्रोल छिड़ककर आग के हवाले कर दिया गया था।
इस हमले में लल्ला सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि वीरेंद्र सिंह और नागेंद्र सिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। घटना के बाद पूरे प्रदेश में मामला चर्चा का विषय बन गया था।
12 आरोपी अब तक गिरफ्तार
मामले में स्थानीय पुलिस अब तक मुख्य आरोपी मनोज त्रिपाठी समेत 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। विपक्ष और पीड़ित परिवार की मांग के बाद राज्य सरकार ने दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना अधिनियम (DSPE Act) के तहत मामले की जांच सीबीआई को सौंपने की मंजूरी दी थी।
अब सीबीआई टीम मामले से जुड़े सभी पहलुओं, घटनाक्रम और साक्ष्यों की नए सिरे से जांच करेगी।







