Mahatari Vandan Yojana : 29वीं किस्त जारी, 66 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में पहुंचे 626.25 करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने डीबीटी के माध्यम से जारी की राशि, अब तक 29 किश्तों में 18,805.83 करोड़ रुपये का भुगतान
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त जारी करते हुए प्रदेश की 66 लाख से अधिक माताओं-बहनों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से 626.25 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी उपस्थित रहीं।
29 किश्तों में 18,805.83 करोड़ रुपये का भुगतान
मुख्यमंत्री ने बताया कि Mahatari Vandan Yojana के तहत अब तक 29 किश्तों में कुल 18,805.83 करोड़ रुपये सीधे पात्र महिलाओं के बैंक खातों में भेजे जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं के सम्मान, आर्थिक स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता की नई पहचान बन चुकी है।
महिलाओं के जीवन में आया सकारात्मक बदलाव
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग महिलाएं छोटे व्यवसाय शुरू करने, सिलाई-कढ़ाई, स्वरोजगार, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के अनुभव इस योजना की सफलता का प्रमाण हैं।
ई-केवाईसी जल्द पूरा करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र महिलाओं की ई-केवाईसी प्रक्रिया जल्द पूरी कर शत-प्रतिशत हितग्राहियों तक योजना का लाभ पहुंचाया जाए। विशेष रूप से बस्तर संभाग में इस कार्य को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।
1 मार्च 2024 से लागू है योजना
उल्लेखनीय है कि महतारी वंदन योजना 1 मार्च 2024 से छत्तीसगढ़ में लागू है। इसके तहत 21 वर्ष या उससे अधिक आयु की पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में दी जाती है। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, परिवार के पोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा स्वरोजगार को बढ़ावा देना है।







