National Sports Day 2026: 29 अगस्त को 125 खेल प्रतिभाओं का होगा सम्मान, सीएम साय देंगे राज्य खेल अलंकरण

82 खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को राज्य खेल अलंकरण, 5 टीमों के 43 सदस्यों को मिलेगी मुख्यमंत्री ट्रॉफी
रायपुर। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती और राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश की खेल प्रतिभाओं का सम्मान करेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 29 अगस्त को राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को पुरस्कार प्रदान करेंगे।
125 खेल प्रतिभाओं को मिलेगा सम्मान
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित समारोह में वित्तीय वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के लिए कुल 125 खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 4 बजे से शुरू होगा।
इनमें 82 खेल प्रतिभाओं को राज्य खेल अलंकरण प्रदान किया जाएगा, जबकि 5 टीमों के 43 खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा।
इन पुरस्कारों से सम्मानित होंगी खेल प्रतिभाएं
समारोह में विभिन्न खेल उपलब्धियों के लिए शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान और शहीद विनोद चौबे सम्मान प्रदान किए जाएंगे।
इसके अलावा चयनित टीमों के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
खेल प्रतिभाओं को मिलेगी प्रोत्साहन राशि
समारोह में खेल अंकुर, खेल गौरव और खेल शिखर के विजेताओं को नकद पुरस्कार एवं प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी। सरकार का उद्देश्य प्रदेश के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना और खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।
केंद्रीय राज्यमंत्री समेत कई अतिथि होंगे शामिल
राज्य खेल अलंकरण समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन लाल साहू, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित यह समारोह प्रदेश के खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सम्मान देने के साथ नई पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रेरित करने का अवसर भी बनेगा।






