रायगढ़

चक्रधर समारोह के मंच से ओपी चौधरी का बड़ा ऐलान, रायगढ़ में बनेगा कला एवं संगीत महाविद्यालय

Advertisement

वित्त मंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर अंतिम कड़ी का किया शुभारंभ, बोले- संस्कृति और विकास दोनों को मिलेगी नई रफ्तार

रायगढ़। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त 41वें चक्रधर समारोह के भव्य समापन समारोह में बुधवार को प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह की दसवीं और अंतिम कड़ी का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने महाराजा चक्रधर सिंह के कला और संगीत के क्षेत्र में योगदान को याद करते हुए रायगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने की बात कही।

महाराजा चक्रधर सिंह के योगदान को किया याद

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि महाराजा चक्रधर सिंह ने अपने दौर में कला और संगीत को नई ऊंचाई प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके संरक्षण और प्रयासों के कारण रायगढ़ घराने के कथक को देशभर में पहचान मिली। उन्होंने कहा कि रायगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को आने वाले समय में और भव्य स्वरूप देने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।

खराब मौसम के कारण नहीं पहुंच सके मुख्यमंत्री

समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को भी शामिल होना था, लेकिन खराब मौसम के चलते उनका हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। इस कारण मुख्यमंत्री समारोह में उपस्थित नहीं हो पाए। वित्त मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाने पर खेद व्यक्त किया है।

विकास कार्यों को लेकर पांच साल का रोडमैप

ओपी चौधरी ने कहा कि रायगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए आगामी पांच वर्षों में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को पूरा करने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने राजू नगर में डेयरी, खर्रा घाट में ऑक्सीजन गार्डन, गजमार पहाड़ और नगर वन के विकास तथा खेल सुविधाओं के विस्तार जैसी योजनाओं का उल्लेख किया।

इसके अलावा मरीन ड्राइव के विकास के साथ कयाघाट पुल, केवड़ावाड़ी पुल, राजा महल के पास पुल और गोवर्धनपुर पुल जैसे निर्माण कार्यों को भी आगे बढ़ाने की बात कही गई।

सड़क, शिक्षा और खेल सुविधाओं पर भी जोर

वित्त मंत्री ने कहा कि रायगढ़ में सड़क चौड़ीकरण, रिंग रोड और खेल सुविधाओं के विस्तार के साथ प्रयास विद्यालय, नवगुरु स्कूल, हॉर्टिकल्चर कॉलेज, फिजियोथेरेपी कॉलेज और नेचुरोपैथी कॉलेज जैसे संस्थानों से जुड़े कार्य भी विकास को गति देंगे।

रायगढ़ में बनेगा कला एवं संगीत महाविद्यालय

ओपी चौधरी ने कहा कि रायगढ़ की पहचान केवल विकास कार्यों से नहीं, बल्कि कला और संस्कृति की समृद्ध परंपरा से भी जुड़ी है। इसी दिशा में उन्होंने घोषणा की कि वर्तमान कार्यकाल में रायगढ़ में एक बेहतर कला एवं संगीत महाविद्यालय स्थापित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इसके लिए बजट में प्रावधान किया जा चुका है और आगे की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।

पांच साल में 10 नए ऑक्सीजन गार्डन बनाने का संकल्प

वित्त मंत्री ने रायगढ़ में हरित क्षेत्र विकसित करने की योजना भी सामने रखी। उन्होंने कहा कि कमला नेहरू पार्क की तर्ज पर आगामी पांच वर्षों में शहर में 10 नए ऑक्सीजन गार्डन विकसित करने का संकल्प लिया गया है।

इसी क्रम में खर्रा घाट में करीब पांच एकड़ क्षेत्र में प्रस्तावित ऑक्सीजन गार्डन का भूमि पूजन किए जाने की जानकारी दी गई। उन्होंने शहरवासियों से इस आयोजन में शामिल होने का आह्वान भी किया।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button