Raigarh Crime News : शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। जिले में 14 वर्षीय नाबालिग को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में भूपदेवपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
रिश्तेदार के घर से लापता हुई थी नाबालिग
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई को एक महिला अपनी 14 वर्षीय बेटी के साथ भूपदेवपुर थाना पहुंची और ग्राम जैमुड़ा निवासी शिव कुमार चौहान (20) के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि उसकी बेटी 14 जुलाई को घरघोड़ा स्थित रिश्तेदार के घर गई थी, जहां से वह लापता हो गई। परिवार उसकी तलाश कर ही रहा था कि आरोपी ने फोन कर बताया कि वह नाबालिग को अपने गांव ले आया है और उससे शादी करेगा। बाद में 19 जुलाई को आरोपी नाबालिग को उसके घर छोड़कर फरार हो गया।
शादी का झांसा देकर 6-7 दिन तक किया दुष्कर्म
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसे ग्राम टेंडा नवापारा से मोटरसाइकिल पर बैठाकर अपने गांव जैमुड़ा ले गया। वहां शादी का झांसा देकर अपने घर में रखा और 6 से 7 दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला पुलिस अधिकारी ने पीड़िता का बयान दर्ज कर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
आरोपी गिरफ्तार, बाइक भी जब्त
शिकायत के बाद भूपदेवपुर पुलिस ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी और उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।







