Raigarh Crime News : गैलेक्सी मॉल ट्रांसफार्मर अर्थिंग वायर चोरी का खुलासा, 2 बालक समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, 12 किलो तांबे का वायर बरामद; चोरी का माल खरीदने वाला भी गिरफ्तार
रायगढ़। रायगढ़ कोतवाली पुलिस ने गैलेक्सी मॉल के लिए लगाए गए बिजली ट्रांसफार्मर से अर्थिंग वायर चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो विधि से संघर्षरत बालकों, दो महिला आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी किया गया करीब 12 किलोग्राम तांबे का अर्थिंग वायर भी बरामद कर लिया है।
लगातार हो रही थी अर्थिंग वायर की चोरी
गैलेक्सी मॉल रायगढ़ में एकाउंटेंट के पद पर कार्यरत शिव राज कुमार साहू (43 वर्ष), निवासी मधुबनपारा ने 18 जुलाई को थाना कोतवाली में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में बताया गया कि गैलेक्सी मॉल के पीछे लगे बिजली ट्रांसफार्मर से जुड़े अर्थिंग वायर लगातार चोरी हो रहे थे। 15 जुलाई की सुबह ट्रांसफार्मर से जमीन में जुड़े करीब 10 मीटर लंबे और 12 किलोग्राम वजन के तांबे के वायर को अज्ञात चोर चोरी कर ले गए थे। इसकी अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई थी।
मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 387/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत जांच शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बजरंगपारा निगम कॉलोनी निवासी दो विधि से संघर्षरत बालकों ने मोहल्ले की महिला निशा सारथी और रजनी सारथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों बालकों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने महिलाओं के साथ मिलकर ट्रांसफार्मर का अर्थिंग वायर चोरी करना स्वीकार किया।
चोरी का माल खरीदने वाला भी गिरफ्तार
आरोपियों ने बताया कि चोरी किया गया वायर उन्होंने अपने मोहल्ले के गुड्डू उर्फ रमेश सारथी को बेच दिया था। पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।







