Raigarh News : दर्रामुड़ा में फर्जी दस्तावेज से भूमि रजिस्ट्री का आरोप, चार ग्रामीणों ने जनदर्शन में लगाई न्याय की गुहार

पुसौर तहसील के ग्रामीणों ने जांच कर अवैध कब्जा हटाने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की
रायगढ़। जिले के पुसौर तहसील अंतर्गत ग्राम दर्रामुड़ा के चार ग्रामीणों ने अपनी भूमि पर कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर अवैध कब्जा और रजिस्ट्री कराने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने जनदर्शन में शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा भूमि का कब्जा वापस दिलाने की मांग की है।
जनदर्शन में सौंपा शिकायत पत्र
शिकायतकर्ता जुली, कमला, नीलाम्बर और सहोद्रा, सभी निवासी ग्राम दर्रामुड़ा, तहसील पुसौर, जिला रायगढ़ ने प्रशासन को दिए आवेदन में बताया कि उनकी हक, आधिपत्य एवं स्वामित्व वाली भूमि पर कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर कब्जा कर लिया गया और उसके आधार पर रजिस्ट्री भी करा ली गई।
इन खसरा नंबरों का है मामला
आवेदन के अनुसार विवाद पटवारी हल्का नंबर-7 अंतर्गत स्थित खसरा नंबर 335/1 (रकबा 0.085 हेक्टेयर) एवं 344/1 (रकबा 0.081 हेक्टेयर) से संबंधित है।
फर्जी दस्तावेज से रजिस्ट्री कराने का आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि रितेश अग्रवाल, पिता दशरथ अग्रवाल द्वारा कथित रूप से फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर भूमि की रजिस्ट्री कराई गई है। शिकायतकर्ताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने और भूमि से कथित अवैध कब्जा हटाकर उन्हें पुनः कब्जा दिलाने की मांग की है।
राजस्व जांच की मांग
आवेदकों ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि मामले की राजस्व एवं संबंधित विभागों से विस्तृत जांच कराई जाए और जांच के आधार पर नियमानुसार उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।







