Raigarh News : लात नाला में बही कार, व्यवसायी दंपती लापता; रातभर चला रेस्क्यू, तलाश जारी

रायगढ़। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। सारंगढ़ क्षेत्र के घोटला बड़े निवासी व्यवसायी देवनारायण पटेल अपनी पत्नी सविता पटेल के साथ कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान माधोपाली-बांधापाली के बीच स्थित लात नाला के पुराने पुल पर उनकी कार अनियंत्रित होकर नाले में गिर गई। तेज बहाव के कारण कार पानी में बह गई और दंपती लापता हो गए।
पुल पर लकड़ी से बचने के प्रयास में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, देवनारायण पटेल अपनी पत्नी के साथ रविवार सुबह व्यवसायिक कार्य से सारंगढ़ गए थे। शाम करीब 6 बजे लौटते समय लात नाला के पुराने पुल पर पानी का बहाव था। पुल पर पड़ी एक बड़ी लकड़ी से बचने के प्रयास में कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नाले में जा गिरी। तेज बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव अधिक होने से कार कुछ ही देर में बहकर गहरे पानी में चली गई।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस
कुछ समय बाद स्थानीय लोगों ने नाले में एक कार तैरती देख पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कार को बाहर निकाला गया, लेकिन उसमें सवार देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी सविता पटेल का कोई पता नहीं चल सका।
अंधेरा और तेज बहाव बना बाधा
पुलिस ने देर शाम तक खोजबीन की, लेकिन अंधेरा और तेज जलप्रवाह के कारण रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा। प्रशासन ने बताया कि सोमवार सुबह फिर से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया जाएगा।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से खोज अभियान शुरू किया। लापता दंपती की तलाश के लिए रेस्क्यू टीम लगातार प्रयास कर रही है।
क्या बोले थाना प्रभारी
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी प्रमोद यादव ने बताया कि दंपती की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। फिलहाल कार से सवार लोगों का पता नहीं चल पाया है। उन्होंने कहा कि खोज अभियान पूरा होने के बाद ही घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।







