Uncategorised

Raigarh Scrap Action : ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध कबाड़ पर बड़ी कार्रवाई, दो ट्रक और एक माजदा वाहन से स्क्रैप जब्त

Advertisement

पूंजीपथरा और जूटमिल पुलिस की कार्रवाई, दस्तावेज नहीं दिखाने पर चोरी की संपत्ति के संदेह में की गई जब्ती

रायगढ़। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अवैध कबाड़ के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत थाना पूंजीपथरा और थाना जूटमिल पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में स्क्रैप कबाड़ जब्त किया है।

पुलिस ने दो ट्रक और एक माजदा वाहन में परिवहन किए जा रहे लोहे एवं टिन के कबाड़ को जब्त किया है। वाहन चालकों द्वारा वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर चोरी की संपत्ति होने के संदेह में वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पूंजीपथरा पुलिस ने माजदा वाहन से जब्त किया 3.39 टन स्क्रैप

पहली कार्रवाई 15 जुलाई को थाना पूंजीपथरा क्षेत्र में की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने तमनार चौक पूंजीपथरा में घेराबंदी कर माजदा वाहन क्रमांक CG-12-AY-0313 को रोका।

वाहन चालक देवेन्द्र तिवारी (58 वर्ष), निवासी बुधवारी बाजार कोरबा से पूछताछ करने पर वाहन में करीब 3 टन 390 किलोग्राम टिन का स्क्रैप कबाड़ मिला। इसकी अनुमानित कीमत करीब 91,530 रुपये बताई गई है।

चालक कबाड़ से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने वाहन (अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये) और कबाड़ को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध धारा 35(क)(ड) बीएनएसएस/303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की।

जूटमिल पुलिस ने 40 टन से अधिक स्क्रैप किया जब्त

दूसरी कार्रवाई 16 जुलाई को थाना जूटमिल पुलिस द्वारा कबीर चौक क्षेत्र में की गई। मुखबिर की सूचना पर छातामुड़ा-काशीराम चौक के बीच सड़क किनारे खड़े ट्रक क्रमांक CG-13-AB-9599 की जांच की गई।

जांच के दौरान ट्रक में भारी मात्रा में लोहे और टीन का स्क्रैप लोड मिला। वाहन चालक महेन्द्र यादव (34 वर्ष), निवासी पलामू झारखंड से माल के संबंध में दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।

धर्मकांटा से तौल कराने पर ट्रक सहित कुल वजन 40,630 किलोग्राम पाया गया। वाहन में लोड स्क्रैप की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये आंकी गई है।

दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने की कार्रवाई

संदेहास्पद संपत्ति होने के कारण पुलिस ने ट्रक और कबाड़ को जब्त कर चालक के विरुद्ध धारा 106 बीएनएसएस के तहत इस्तगासा तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है।

पुलिस का कहना है कि अवैध कबाड़ के कारोबार और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार के तहत आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button