रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की कलाई पर सजी बहनों की राखी, पंडरीपानी में हुआ आत्मीय संवाद

जशपुर। रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट स्नेह, विश्वास और आत्मीयता का पर्व है। जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पंडरीपानी में बुधवार को इस पर्व की भावना उस समय और जीवंत हो उठी, जब बड़ी संख्या में क्षेत्र की माताओं-बहनों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की कलाई पर राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने भी बहनों को उपहार भेंट कर उनके प्रति स्नेह और सम्मान व्यक्त किया।
बहनों से आत्मीय संवाद
ग्राम पंडरीपानी में आयोजित ‘रक्षाबंधन एवं बहनों से संवाद’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने क्षेत्र की बहनों से आत्मीय बातचीत की और उनकी बातें सुनीं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि बहनों के सम्मान, सुरक्षा और सुखद भविष्य के प्रति जिम्मेदारी को दोहराने का अवसर भी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की हर माता-बहन आत्मनिर्भर बने, उन्हें आगे बढ़ने के अवसर मिलें और परिवार व समाज के निर्णयों में उनकी भूमिका मजबूत हो, इसी उद्देश्य से राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है।
महिला सशक्तिकरण को बताया समृद्ध छत्तीसगढ़ की आधारशिला
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महिलाओं का सम्मान और सशक्तिकरण ही समृद्ध छत्तीसगढ़ की मजबूत आधारशिला है। महिलाएं जब आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त होती हैं, तो इसका सकारात्मक प्रभाव पूरे परिवार पर पड़ता है। परिवार की समृद्धि से समाज और प्रदेश की प्रगति का मार्ग भी प्रशस्त होता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं के केंद्र में माताओं-बहनों का सम्मान, स्वावलंबन और बेहतर भविष्य सुनिश्चित करना है।
पंडरीपानी में विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंडरीपानी में लगभग 64 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें महतारी सदन का लोकार्पण भी शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी सदन गांव की महिलाओं के लिए सामूहिक प्रयासों, आर्थिक गतिविधियों और आत्मनिर्भरता का केंद्र बनेगा। यहां बैठक कक्ष, प्रशिक्षण सुविधा, रसोईघर और शौचालय सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे महिला स्व-सहायता समूहों और महिला संगठनों को बैठक, प्रशिक्षण और आजीविका संबंधी गतिविधियां संचालित करने के लिए सुविधाजनक एवं सम्मानजनक स्थान मिलेगा।
फरसाबहार और भेलवा में भी महतारी सदन की घोषणा
मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम में ग्राम पंचायत फरसाबहार और भेलवा में भी महतारी सदन के निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने मुख्य मार्ग से दानी मोड़ा बस्ती तक सड़क निर्माण के लिए 3 करोड़ 23 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान किए जाने की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों में बेहतर अधोसंरचना के निर्माण के साथ महिलाओं और ग्रामीण परिवारों के जीवन को सुविधाजनक बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।






