छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच

Advertisement

शासन और छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के बीच बेहतर समन्वय के लिए मुख्यमंत्री सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी को मिलेगी विशेष जिम्मेदारी

बस्तर और सरगुजा ओलंपिक से दूरस्थ अंचलों की प्रतिभाओं को अवसर, 40वें नेशनल गेम्स की मेजबानी के लिए होंगे प्रयास

रायपुर, 12 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार ने खेल अधोसंरचना, प्रशिक्षण और अवसरों के विस्तार पर जोर दिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश के गांवों, वनांचलों और दूरस्थ क्षेत्रों में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की बड़ी संख्या है। जरूरत है कि इन प्रतिभाओं की समय पर पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक संसाधन और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

मुख्यमंत्री शनिवार को राजधानी रायपुर के सिविल लाइन स्थित न्यू सर्किट हाउस में आयोजित छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ की एग्जीक्यूटिव बॉडी मीटिंग एवं जनरल काउंसिल मीटिंग को संबोधित कर रहे थे।

शासन और ओलंपिक संघ के बीच बेहतर समन्वय पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों के विकास के लिए शासन और छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के बीच बेहतर तालमेल आवश्यक है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री सचिवालय के एक वरिष्ठ अधिकारी को दोनों के बीच समन्वय के लिए विशेष जिम्मेदारी दिए जाने की बात कही गई।

उन्होंने कहा कि राज्य में खिलाड़ियों के लिए संसाधनों और अवसरों की कमी नहीं होने दी जाएगी। खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के साथ खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

बस्तर और सरगुजा ओलंपिक से मिल रहा प्रतिभाओं को मंच

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों के माध्यम से दूरस्थ अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का बड़ा मंच मिल रहा है। इन आयोजनों के जरिए ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

इसके साथ ही खेल उत्कर्ष मिशन के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देकर उनकी खेल क्षमता को निखारने पर भी जोर दिया जा रहा है।

40वें नेशनल गेम्स की मेजबानी के लिए प्रयास

छत्तीसगढ़ को 40वें नेशनल गेम्स की मेजबानी दिलाने के लिए शासन स्तर पर आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे बड़े आयोजन प्रदेश में खेलों के प्रति वातावरण को मजबूत करने के साथ खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

गांवों और वनांचलों की प्रतिभाओं पर विशेष ध्यान

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों, वनांचलों और दूरस्थ इलाकों में मौजूद खिलाड़ियों को मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और प्रतियोगिताओं में भागीदारी के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी प्रतिभा और मेहनत के बल पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें, इसके लिए सरकार हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएगी।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button