मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, सुशासन और संकल्प की यात्रा : मुख्यमंत्री साय

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में प्रस्तावित ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर मुख्यमंत्री ने पत्रकार वार्ता में रखे विचार
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में प्रस्तावित ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को राजधानी रायपुर में पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। यह अभियान आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष केवल एक राजनीतिक सफर नहीं, बल्कि सेवा, सुशासन, संकल्प और परिणामों की लंबी यात्रा है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा सामान्य परिवार से निकलकर अपने पुरुषार्थ और दृढ़ संकल्प के बल पर देश के सर्वोच्च दायित्व तक पहुंचने वाले व्यक्ति के संघर्ष और उपलब्धियों को दर्शाती है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में हुई पत्रकार वार्ता
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में सेवा संकल्प अभियान की पृष्ठभूमि और प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के इस महत्वपूर्ण पड़ाव को देशभर में विभिन्न गतिविधियों और कार्यक्रमों के माध्यम से रेखांकित किया जाएगा।
सेवा और सुशासन को बताया यात्रा का आधार
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन को सेवा और सुशासन से जुड़ी यात्रा बताते हुए कहा कि लंबे सार्वजनिक जीवन के दौरान उन्होंने जनसेवा को प्राथमिकता दी। उनके अनुसार, 25 वर्षों की यह यात्रा संकल्पों को परिणामों में बदलने की दिशा में किए गए प्रयासों से जुड़ी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन की इस यात्रा और जनसेवा के प्रति उनके योगदान को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।






