भीषण सड़क हादसे में चार की जलकर मौत, दो घायल – कांकेर में मचा कोहराम

कांकेर। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा शुक्रवार रात करीब एक बजे के आसपास हुआ जब एक तेज़ रफ्तार कार केशकाल से कांकेर की ओर आते समय आतुर गांव के पास पुल से टकरा गई।
टक्कर इतनी भयानक थी कि कार में आग लग गई और उसमें सवार छह लोगों में से चार की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। वहीं, दो लोग आग लगने से पहले कार से बाहर फेंके गए, जिससे उनकी जान बच गई। दोनों घायलों को तत्काल कांकेर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची कांकेर पुलिस, यातायात टीम और फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। घटना स्थल पर जली हुई कार से शवों को निकालने के लिए आज सुबह फॉरेंसिक टीम की मदद ली जाएगी।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हादसे के शिकार सभी युवक केशकाल के ढोण्डरा पाल गांव के निवासी थे, जो कांकेर में रहने वाले अपने एक दोस्त को छोड़ने आए थे। लौटते वक्त यह दिल दहला देने वाला हादसा हुआ।












