जन्मदिन पर तलवार से केक काटने वाला वीडियो वायरल, भाजपा युवा मोर्चा नेता पर केस दर्ज

कोरबा । भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बद्री अग्रवाल का जन्मदिन मनाने का अंदाज अब उनके लिए मुसीबत बन गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में अग्रवाल कार के बोनट पर रखे केक को तलवार से काटते दिखाई दे रहे हैं। उनके साथ मौजूद समर्थक तालियां बजाकर जश्न मनाते नज़र आ रहे हैं।
वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर कड़ा प्रहार किया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा एक ओर कानून-व्यवस्था की बात करती है, जबकि उसके ही नेता सार्वजनिक रूप से गैर-जिम्मेदाराना हरकतें कर रहे हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने बद्री अग्रवाल के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। इसकी पुष्टि कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने की है। घटना के बाद जिले का राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। कांग्रेस जहां सख्त कार्रवाई की मांग कर रही है, वहीं भाजपा नेताओं की चुप्पी पर सवाल उठ रहे हैं।












