जल जीवन मिशन में लापरवाही पर कलेक्टर सख्त, 9 ठेकेदारों के टेंडर रद्द, ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश

रायगढ़। जल जीवन मिशन के तहत जिले में चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने लचर कार्यशैली पर सख्त रुख अपनाया है। धीमी प्रगति और अधूरे कार्यों के चलते नौ ठेकेदारों के टेंडर निरस्त कर उन्हें ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश जारी किए गए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि अधूरे या ठप पड़े प्रोजेक्ट्स पर कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में जिला पंचायत सीईओ जितेन्द्र यादव, सहायक कलेक्टर अक्षय डोसी, ईई पीएचई कमल प्रसाद कंवर, ईई सीएसपीडीसीएल बी.के. साहू और जिले के सभी ठेकेदार एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान ठेकेदारों से कार्य प्रगति की अद्यतन जानकारी ली गई और विभागीय अधिकारियों से फील्ड फीडबैक भी प्राप्त किया गया। मल्टी विलेज स्कीम में धीमी गति से चल रहे कार्यों पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए संबंधित फर्मों को कार्ययोजना बनाकर समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
ब्लैकलिस्ट किए जाने वाले ठेकेदार: मे. गुप्ता ट्रेडिंग कंपनी, मे. जितेश्वर साहू, मे. अजय सेल्स, मे. मुकुल मन्नत कंस्ट्रक्शन, मे. आशीष ट्रेडर्स एंड कंस्ट्रक्शन (रायगढ़), दुर्गेश चंद्रा, मे. हरिकृष्णा कंस्ट्रक्शन, मे. हीरादेवी (जांजगीर-चांपा) एवं मे. के. पी. राठौर (जांजगीर-चांपा) के टेंडर निरस्त कर ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
काम पूरा, तो जल्द हो हैंडओवर कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जहां काम पूरा हो चुका है, वहां सीईओ जनपद और पीएचई विभाग की संयुक्त टीम द्वारा भौतिक सत्यापन कर पंचायतों को कार्य का हैंडओवर तत्काल किया जाए।
फील्ड समस्याओं पर फोकस फील्ड में सामने आ रही समस्याओं जैसे जल स्रोत की कमी, बिजली कनेक्शन की देरी और दोहरी खुदाई जैसी परेशानियों पर भी कलेक्टर ने संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। सोलर विलेज योजनाओं में क्रेडा से संबंधित कार्य शीघ्र पूर्ण करने की बात कही गई, ताकि फंक्शनल नल कनेक्शन समय पर पूरे किए जा सकें।
कलेक्टर चतुर्वेदी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक माह नियमित समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी और वास्तविक प्रगति के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।












