ऑपरेशन मुस्कान में बिलासपुर पुलिस की बड़ी सफलता, 151 बच्चों को परिजनों से मिलाया, राज्य में फिर रहा अव्वल

बिलासपुर, अगस्त 2025। जुलाई माह में चलाए गए ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस ने एक बार फिर शानदार कार्य करते हुए उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। इस अभियान के दौरान जिले से अपहृत और लापता 151 बालक-बालिकाओं को खोजकर सकुशल उनके परिजनों से मिलाया गया। इनमें 14 बालक और 137 बालिकाएं शामिल हैं, जिन्हें देश के विभिन्न राज्यों से वापस लाया गया।
बिलासपुर पुलिस ने इस अभियान के तहत कुल 1056 गुम महिला-पुरुषों की दस्तयाबी कर राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह केवल आंकड़ों की उपलब्धि नहीं, बल्कि सैकड़ों परिवारों के लिए भावनात्मक रूप से राहत और खुशी का पल भी है। पुलिस टीमों को महाराष्ट्र, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, पंजाब, मध्यप्रदेश जैसे राज्यों में भेजा गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में इस मिशन को पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ अंजाम दिया गया। उन्होंने स्वयं सभी लंबित मामलों की समीक्षा की और थाना प्रभारियों को विशेष निर्देश दिए कि हर केस को गंभीरता से लेकर शीघ्रता से कार्रवाई की जाए।
इस सराहनीय उपलब्धि पर एसएसपी रजनेश सिंह ने पूरी टीम को बधाई दी और नगद पुरस्कार की घोषणा की। बता दें कि जून महीने में भी बिलासपुर पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान अभियान में राज्य में पहला स्थान हासिल किया था।
लगातार दो महीनों की सफलता ने बिलासपुर पुलिस की कार्यकुशलता और मानवीय संवेदनशीलता दोनों को सिद्ध किया है। इस उपलब्धि से जिले में पुलिस की छवि और जनविश्वास दोनों को मजबूती मिली है।






