Uncategorised

भूतेश्वरनाथ दर्शन को जा रहे युवकों की कार नाले में पलटी, दो की मौत, तीन घायल

Advertisement
Advertisement
Advertisement

गरियाबंद, 4 अगस्त। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भूतेश्वरनाथ मंदिर दर्शन के लिए निकले युवकों की तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नाले में पलट गई, जिसमें भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष समेत दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना फिंगेश्वर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, बिलाईगढ़ से पांच युवक एक कार में सवार होकर देर रात भूतेश्वरनाथ मंदिर दर्शन के लिए रवाना हुए थे। रात करीब 2 बजे कार चला रहे पंकज दास मानिकपुरी को झपकी लग गई, जिससे तेज रफ्तार कार सड़क किनारे एक पत्थर से टकराकर नाले में जा गिरी। टक्कर के बाद कार के दरवाजे लॉक हो गए और सभी युवक वाहन के अंदर ही फंसे रह गए।

हादसे की भनक सुबह करीब 5 बजे लगी, जब स्थानीय लोग शौच के लिए नाले के पास पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त कार को देखा। तत्काल ग्रामीणों ने दरवाजे तोड़कर सभी को बाहर निकाला। लेकिन तब तक लोकेश साहू (35 वर्ष) और पंकज दास मानिकपुरी (38 वर्ष), जो भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष थे, की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

घटना में घायल हुए राजेश कुमार आदित्य, ननकी साहू और दयाराम यादव को तत्काल फिंगेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही फिंगेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button