भिलाई स्टील प्लांट में ब्लास्ट फर्नेस-8 में धमाका, आग लगने से ठप हुआ उत्पादन

भिलाई स्टील प्लांट में शुक्रवार रात ब्लास्ट फर्नेस क्रमांक-8 में बड़ा हादसा हो गया। अचानक जोरदार धमाके के साथ डस्ट कैचर फट गया, जिससे आग लग गई और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। देखते ही देखते आग की लपटें चारों ओर फैल गईं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हादसे के बाद फिलहाल उत्पादन ठप हो गया है। विशेषज्ञों की टीम फर्नेस को जल्द से जल्द चालू करने की कोशिशों में जुटी हुई है, क्योंकि यदि हॉट मेटल जम गया तो भारी नुकसान की आशंका है। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत उत्पादन बहाल करने के प्रयास जारी हैं। वहीं, प्रभावित क्षेत्र में साफ-सफाई और मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है।
ब्लास्ट फर्नेस-8, जिसे महामाया भी कहा जाता है, से प्रतिदिन करीब 9 हजार टन उत्पादन हो रहा था। इस घटना के बाद पूरे प्रोडक्शन पर असर पड़ा है। आग लगने से कई केबल और उपकरण जलकर नष्ट हो गए हैं। लगातार उत्पादन प्रभावित रहने से कर्मचारियों और प्रबंधन दोनों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, ब्लास्ट फर्नेस में हॉट मेटल उत्पादन की प्रक्रिया के दौरान गैस और डस्ट को अलग किया जाता है। डस्ट नीचे बैठ जाता है जबकि गैस को आगे की प्रक्रिया में उपयोग किया जाता है। इसी दौरान डस्ट कैचर में हुई गड़बड़ी से यह हादसा हुआ।












