कलेक्टर ने किया डिजिटल क्रॉप सर्वे का निरीक्षण, किसानों को मिलेगा पारदर्शी लाभ

रायगढ़ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी आज रायगढ़ तहसील के जुनवानी पहुंचे, जहां उन्होंने डिजिटल क्रॉप सर्वे का निरीक्षण किया। इस दौरान सहायक कलेक्टर अक्षय डोसी, अपर कलेक्टर रवि राही और तहसीलदार शिव डनसेना भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर चतुर्वेदी ने खेतों में सर्वेयर द्वारा किए जा रहे डिजिटल सर्वे और एग्रीटेक एप पर अपडेट किए जा रहे आंकड़ों की जानकारी ली। उन्होंने स्वयं एक खेत में जाकर फसल सर्वे की पूरी प्रक्रिया का अभ्यास किया और एप पर डाटा अपलोड किया। साथ ही सर्वेयर से एप संचालन के संबंध में विस्तार से जानकारी लेकर उन्हें निर्देश दिए कि कार्य को गंभीरता और पूरी शुद्धता से संपन्न करें।
गौरतलब है कि डिजिटल क्रॉप सर्वे में सर्वेयर सीधे खेत पर जाकर फसल और जमीन की वास्तविक स्थिति का ब्योरा एप में दर्ज करते हैं और संबंधित फोटो अपलोड करते हैं। इसके बाद पटवारी और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा इसका सत्यापन किया जाता है। इससे फसल का सटीक मूल्यांकन और जमीन से जुड़ी सही जानकारी उपलब्ध होगी।
डिजिटल क्रॉप सर्वे से किसानों को कई लाभ होंगे। फसल बीमा योजना और क्षति आकलन पारदर्शी और वैज्ञानिक तरीके से हो सकेगा। पात्र किसानों को विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ त्वरित रूप से मिलेगा। साथ ही फसल उत्पादन का सटीक और आधुनिक डेटा तैयार होगा, जिससे धान खरीदी व्यवस्था और कृषि नीति को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। इसके अतिरिक्त किसानों को समय पर तकनीकी मार्गदर्शन और आर्थिक सहयोग भी सुनिश्चित किया जा सकेगा।












