किसानों की शिकायतों का होगा समयबद्ध समाधान: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान

नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को कृषि भवन, नई दिल्ली में मंत्रालय के विभिन्न पोर्टल और कॉल सेंटर पर आने वाली किसानों की शिकायतों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।
बैठक में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि योजनाओं का निर्माण जितना आवश्यक है, उतना ही जरूरी उनका प्रभावी क्रियान्वयन भी है। उन्होंने निर्देश दिए कि किसानों की शिकायतों का त्वरित और उचित निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों का विश्वास प्रणाली पर कायम रह सके। शिवराज सिंह चौहान ने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यवस्था केवल औपचारिकता तक सीमित रह जाए तो उसका कोई महत्व नहीं है, इसलिए व्यवस्था को सरल और मजबूत बनाना बेहद जरूरी है।
उन्होंने अधिकारियों से पीएम किसान पोर्टल, किसान ई-मित्र और किसान कॉल सेंटर सहित विभिन्न प्लेटफॉर्म पर दर्ज हो रही शिकायतों की जानकारी ली और कहा कि अगले सप्ताह वे पुनः समीक्षा करेंगे। मंत्री ने यह भी कहा कि वे समय-समय पर किसानों से सीधा संवाद कर उनकी संतुष्टि की पुष्टि करेंगे।
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने ऐसी व्यवस्था लागू की थी, जिसके सकारात्मक परिणाम मिले थे। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसानों की संतुष्टि ही उनकी प्राथमिकता है।
बैठक में उन्होंने नकली खाद-बीज और कीटनाशकों की समस्या पर भी सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि आकस्मिक छापेमारी की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। साथ ही, उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी समस्याएं टोल फ्री नंबर 1800-180-1551 पर किसान कॉल सेंटर में दर्ज करवाएं।












