लैलूंगा में 27 हाथियों का आतंक : 3 मकान ढहे, 9 किसानों की फसलें बर्बाद

रायगढ़, छत्तीसगढ़। रायगढ़ जिले में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार रात लैलूंगा वन परिक्षेत्र के बैगिनझरिया गांव में 27 हाथियों के दल ने तबाही मचा दी। हाथियों ने 3 कच्चे मकानों को तोड़ डाला और 9 किसानों की फसलें रौंद डालीं। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।
कैसे हुई घटना
धरमजयगढ़ वन मंडल के लैलूंगा रेंज से निकला यह झुंड देर रात गांव पहुंचा। हाथियों ने ग्रामीण दयाराम मांझी, मयाराम मांझी और परमीन मांझी के घरों को नुकसान पहुंचाया और बोरियों में रखे धान को खा गए। अचानक हाथियों की दस्तक से गांववाले घबराकर घरों से बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा गया।
जिले में हाथियों की स्थिति
रायगढ़ जिले में इस समय कुल 187 हाथी अलग-अलग जंगल क्षेत्रों में सक्रिय हैं। इनमें से 127 हाथी धरमजयगढ़ वन मंडल में घूम रहे हैं। अकेले लैलूंगा रेंज में ही 61 हाथियों की मौजूदगी है। वहीं छाल में 22, बोरो और कापू में 13-13, बाकारूमा में 11 और धरमजयगढ़ रेंज में 7 हाथी हैं। इसके अलावा रायगढ़ वन मंडल में 60 हाथियों का दल मौजूद है।
वन विभाग की तैयारी
लैलूंगा सब-डिवीजन के एसडीओ एमएल सिदार ने बताया कि हाथियों से हुए नुकसान का सर्वे किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 61 हाथियों के दल की लगातार निगरानी की जा रही है और गांव-गांव में मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।












