80 करोड़ से बना ईएसआईसी अस्पताल अधूरी सुविधाओं के कारण ठप, कर्मचारियों को नहीं मिल रहा पूरा लाभ

रायगढ़ । 80 करोड़ रुपए की लागत से तैयार ईएसआईसी अस्पताल का उद्घाटन हुए एक साल से अधिक समय गुजर चुका है, लेकिन अब तक यह पूरी तरह से संचालित नहीं हो सका है। अस्पताल में ऑपरेशन थियेटर, ऑक्सीजन पाइपलाइन, फर्नीचर और मेडिकल उपकरणों का काम अधूरा पड़ा है। केवल कुछ विभागों की ओपीडी शुरू की गई है, लेकिन विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी के कारण मरीजों को अपेक्षित सुविधा नहीं मिल पा रही है।
निर्माण एजेंसी सीपीडब्ल्यूडी ने अधूरे कार्यों के लिए 10 करोड़ 55 लाख रुपए की मांग की थी। राशि को स्वीकृति तो मिली, लेकिन अब तक जारी नहीं हुई, जिसके चलते अस्पताल अधूरी स्थिति में ही हैंडओवर कर दिया गया। शेष कार्य अब रीजनल ऑफिस या हैंड ऑफिस के माध्यम से पूरे किए जाएंगे।
परसदा में बने इस तीन मंजिला अस्पताल से जिले के विभिन्न उद्योगों और कंपनियों में कार्यरत 35 हजार से अधिक कर्मचारियों को लाभ मिलना था। लेकिन अस्पताल तक पहुंचने की कनेक्टिविटी समस्या और पानी की कमी बड़ी बाधा बनी हुई है। रोजाना मुश्किल से 10–12 मरीज ही अस्पताल तक पहुंच पाते हैं।
डॉ. सुशील कुमार मुर्मू, एमएस ने बताया कि पिछले महीने बिल्डिंग हैंडओवर हुई है। फिलहाल 4 डॉक्टरों की नियुक्ति की गई है, विशेषज्ञ डॉक्टर अभी आने बाकी हैं। अधूरे कार्यों को बजट स्वीकृति मिलने के बाद चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।












