कलेक्ट्रेट रायगढ़ में एसी कंप्रेसर फटा, कोर्ट कक्ष में आग से मचा हड़कंप

रायगढ़। कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कलेक्टर कोर्ट के एसी का कंप्रेसर अचानक फट गया और चेंबर में आग लग गई। गनीमत रही कि हादसे के समय वहां मौजूद कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकल गए और कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, प्रतिदिन की तरह सुबह 10 बजे प्रार्थना के बाद सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने-अपने कक्षों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कोर्ट में जैसे ही भृत्य ने एसी का स्विच ऑन किया, जोरदार धमाका हुआ और चेंबर से आग की लपटें निकलने लगीं। मौके पर तुरंत पावर सप्लाई बंद कर आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक एसी का चेंबर और फॉल्स सिलिंग का कुछ हिस्सा जल चुका था। पूरा कक्ष धुएं से भर गया, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
धमाके की आवाज सुनकर अन्य कर्मचारी भी बाहर निकल आए और काफी देर तक घटनास्थल पर भीड़ लगी रही। कर्मचारियों का कहना है कि यह हादसा संभवतः शॉर्ट सर्किट की वजह से हुआ। घटना के बाद प्रभावित कक्ष की सफाई कर कर्मचारियों को अस्थायी रूप से दूसरे कक्ष में शिफ्ट किया गया।
फौरन कार्रवाई की वजह से बड़ा नुकसान टल गया और स्थिति पर समय रहते काबू पा लिया गया।












