रायगढ़ : 10 सूत्रीय मांगों को लेकर NHM कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, 17वें दिन मुंडन कर जताया विरोध

रायगढ़। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारी अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर रायगढ़ में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डटे हुए हैं। बुधवार को आंदोलन के 17वें दिन कर्मचारियों ने मुंडन कर विरोध जताया और जमकर नारेबाजी की। जिले के 300 से अधिक कर्मचारी शहीद विप्लव त्रिपाठी मिनी स्टेडियम में धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सरकार की ओर से लिखित आदेश जारी नहीं होगा, आंदोलन जारी रहेगा। संघ ने चेतावनी दी है कि “अब इंतजार नहीं, आर-पार की लड़ाई होगी।”
अल्टीमेटम के बावजूद नहीं झुके कर्मचारी
विभाग ने एनएचएम संघ के जिलाध्यक्ष और सचिव को 24 घंटे के भीतर ड्यूटी पर लौटने का अल्टीमेटम दिया था। लेकिन इसके बावजूद किसी भी कर्मचारी ने काम पर वापसी नहीं की। आंदोलनकारी कर्मचारी अलग-अलग तरीकों से लगातार विरोध दर्ज करा रहे हैं। आंदोलन की शुरुआत दिवंगत साथियों को श्रद्धांजलि देकर हुई थी। इसके बाद बाइक रैली, संविदा प्रथा का दहन, मेहंदी से मांग लिखना, बैलून में मांग छोड़ना, सद्बुद्धि यज्ञ और अब मुंडन जैसे प्रतीकात्मक कदम उठाए गए।
“लिखित आदेश के बिना आंदोलन खत्म नहीं”
संघ के सचिव वैभव डियोडिया ने कहा, “18 अगस्त से हम अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। आज आंदोलन का 17वां दिन है। जब तक मांगे पूरी नहीं होंगी और सरकार लिखित आदेश जारी नहीं करेगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।”
NHM कर्मचारियों की 10 सूत्रीय प्रमुख मांगें
1. कर्मचारियों का नियमितीकरण और संविलियन
2. 27 प्रतिशत लंबित वेतन वृद्धि लागू करना
3. ग्रेड पे का निर्धारण
4. 10 लाख रुपए का कैशलेस मेडिकल बीमा
5. पब्लिक हेल्थ कैडर की स्थापना
6. कार्य मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता
7. अनुकंपा नियुक्ति की सुविधा
8. महिला कर्मियों के लिए विशेष अवकाश नीति
9. ट्रांसफर सुविधा
10. ठेका प्रथा का अंत












