त्योहारों में ट्रैफिक जाम से राहत के लिए दुर्गा पंडालों पर सख्त गाइडलाइन

रायगढ़। त्योहारों के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाती है। खासकर नवरात्रि और दुर्गा पूजा के समय चौक-चौराहों और मुख्य सड़कों पर पंडालों के कारण ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है। इस समस्या पर काबू पाने के लिए शासन ने नई गाइडलाइन जारी की है और सभी नगरीय निकायों को इसके पालन के निर्देश दिए हैं।
गाइडलाइन के मुताबिक, अब चौराहों और मेन रोड पर पंडाल लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यदि अनुमति मिलती भी है तो वैकल्पिक मार्ग पहले से चिह्नित करना अनिवार्य होगा। रायगढ़ शहर में हंडी चौक, केवड़ाबाड़ी चौक, स्टेशन चौक, सतीगुड़ी चौक, चक्रधर नगर चौक और मिनी माता चौक जैसे व्यस्त इलाकों में लगने वाले पंडाल अक्सर भारी ट्रैफिक जाम की वजह बनते हैं।
इसके अलावा दुर्गा पंडालों को दो श्रेणियों में बांटा गया है — 5000 वर्ग फुट से छोटे और बड़े पंडाल। हर आयोजन समिति को पंडाल स्थल पर ही अपशिष्ट प्रबंधन और जलापूर्ति की व्यवस्था करनी होगी। आयोजन खत्म होने के बाद सफाई की जिम्मेदारी भी समिति की होगी।
बिजली सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह भी तय किया गया है कि कोई भी पंडाल बिजली तारों के नीचे नहीं लगाया जा सकेगा। साथ ही पंडाल की परिधि और आसपास की इमारतों के बीच कम से कम 15 फुट की दूरी रखना अनिवार्य होगा।
प्रशासनिक अधिकारियों का मानना है कि इन नियमों का पालन होने से त्योहारों के समय शहर में ट्रैफिक जाम और अव्यवस्था से काफी हद तक राहत मिलेगी। हालांकि, सालों से एक ही जगह पर लग रहे पंडालों को शिफ्ट करने का स्थानीय समितियों और श्रद्धालुओं की ओर से विरोध भी देखने को मिल सकता है।












