Uncategorised

गजमार पहाड़ी हनुमान धाम बनेगा इको पार्क और टूरिज्म स्थल, 8 करोड़ की लागत से विकास कार्य शुरू

Advertisement

रायगढ़। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी की पहल पर रायगढ़ जिला मुख्यालय स्थित ऐतिहासिक एवं आस्था का केंद्र गजमार पहाड़ी हनुमान धाम अब आधुनिक स्वरूप में विकसित होने जा रहा है। रविवार को वित्त मंत्री ने यहाँ लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने पूजा-अर्चना कर पवनसुत हनुमान जी से प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना भी की।

प्रोजेक्ट के तहत गजमार पहाड़ी पर योग प्लेटफॉर्म, वॉच टॉवर, पाँच पगोड़ा, बच्चों के लिए खेल परिसर, कैंटीन और इको पार्क जैसी आधुनिक सुविधाएँ विकसित की जाएंगी। इस मौके पर वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि यह कार्य केवल धार्मिक स्थल का जीर्णोद्धार नहीं, बल्कि रायगढ़ के सांस्कृतिक, सामाजिक और पर्यटन विकास की दिशा में बड़ा कदम है।

उन्होंने कहा कि गजमार पहाड़ी रायगढ़ की शान है और शहर के बीच इतनी ऊँचाई एवं प्राकृतिक सुंदरता वाला स्थल दुर्लभ है। इसके विकास से रायगढ़ पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान बनाएगा। साथ ही उन्होंने जिले के युवाओं और बहनों के लिए शुरू की गई नवगुरुकुल योजना का भी उल्लेख किया। इस योजना के तहत दो वर्ष का प्रशिक्षण लेकर युवा स्किल डेवेलप कर रोजगार प्राप्त कर सकेंगे।

रायगढ़ नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि लंबे समय से लोगों की मांग थी कि गजमार पहाड़ी मंदिर का जीर्णोद्धार हो, जो अब वित्त मंत्री की पहल से संभव हो पाया है। उन्होंने इको पार्क विकास को स्थानीय लोगों के लिए जनसुविधा की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया।

डीएफओ अरविंद पीएम ने जानकारी दी कि विभागीय मार्गदर्शन और सुव्यवस्थित योजना के तहत पहाड़ी को नया स्वरूप दिया जाएगा। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए ऊपर तक पहुँचने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button