ठुसेकेला नरसंहार पीड़िता से मिले सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारी, शासन से न्याय और मदद की मांग

रायगढ़ खरसिया । खरसिया के ग्राम ठुसेकेला (राजीव नगर) में हुए आदिवासी नरसंहार के बाद मृतक परिवार की इकलौती जीवित सदस्य शिवानी उरांव से सर्व आदिवासी समाज खरसिया के पदाधिकारियों ने मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान समाज के प्रतिनिधियों ने पीड़िता को हर संभव सहयोग का भरोसा दिया और शासन-प्रशासन से न्याय दिलाने की मांग की।
पदाधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष कांशीराम सिदार, युवा अध्यक्ष धनंजय राठिया, युवा महिला जिलाध्यक्ष अर्चना सिदार, अजजा शासकीय सेवक विकास संघ अध्यक्ष इंद्रदेव सिदार, ठुसेकेला सरपंच प्रतिनिधि शिवचरण उरांव और गंगाराम सिदार उपस्थित रहे।
कड़े कदम उठाने की मांग
सर्व आदिवासी समाज ने कहा कि यह घटना बेहद निंदनीय है और इसकी गूंज पूरे प्रदेश में है। समाज ने मांग की है कि छत्तीसगढ़ के आदिवासी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय स्वयं इस मामले का संज्ञान लें और आरोपियों पर एट्रोसिटी एक्ट 1989 की धाराओं के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें।
पीड़िता के लिए सहयोग की अपील
समाज ने शासन-प्रशासन से आग्रह किया कि मृतक परिवार की इकलौती जीवित सदस्य शिवानी उरांव को पुलिस विभाग में शासकीय नौकरी दी जाए। साथ ही उसे 8.25 लाख रुपये की निर्धारित आर्थिक सहायता तत्काल प्रदान की जाए, ताकि वह अपने जीवन को पुनः संवार सके।












