रायगढ़ में नशे का बड़ा कारोबार उजागर, महिला गिरफ्तार – 8 लाख से ज्यादा कैश और भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद

रायगढ़ । छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने नशे के धंधे में लिप्त एक महिला को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उसके घर से प्रतिबंधित कफ सिरप, दर्द निवारक कैप्सूल और इंजेक्शन का जखीरा बरामद किया है। इसके साथ ही 8 लाख 40 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए। कुल मिलाकर लगभग 9 लाख 5 हजार रुपये का सामान पुलिस ने कब्जे में लिया है।
मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र के दुर्गापुर लारीपानी का है। जानकारी के अनुसार, धनुर्जय यादव और उसकी पत्नी तिलोत्तमा यादव (25 वर्ष) लंबे समय से नशीली दवाओं की बिक्री कर रहे थे। मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस ने छापामार कार्रवाई की। छापे के दौरान धनुर्जय फरार हो गया, जबकि उसकी पत्नी मौके पर मिली। पूछताछ में उसने नशे के कारोबार में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली।
बरामद सामग्री:
200 नग ONEREX कफ सिरप (कीमत ₹64,914)
85 पैकेट SPASMO & PROXYVON PLUS कैप्सूल
220 पैकेट BUTRUM इंजेक्शन
नकद ₹8,40,000
पुलिस ने तिलोत्तमा यादव को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पति धनुर्जय यादव की तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि ये प्रतिबंधित नशीली दवाएं झारखंड से तस्करी कर सीमावर्ती जिलों में खपाई जा रही थीं।






