रायगढ़ में राज्योत्सव-2025 का भव्य समापन, स्वदेशी उत्पादों और विकास मॉडल पर रहा विशेष जोर

रायगढ़ । छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में जिला मुख्यालय के शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय राज्योत्सव-2025 का आज भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर समापन समारोह की शुरुआत की।
सांसद राठिया ने राज्योत्सव में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने स्वदेशी उत्पादों को आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव बताते हुए कहा—
“छत्तीसगढ़ अब विकास, स्वच्छता और आत्मनिर्भरता के नए अध्याय लिख रहा है। यह रजत जयंती वर्ष हमारी उपलब्धियों का उत्सव और भविष्य के संकल्प का प्रतीक है।”
उन्होंने कहा कि 1 नवंबर 2000 को स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ को राज्य का दर्जा देकर एक नया सपना साकार किया था। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य तेजी से प्रगति की ओर अग्रसर है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समापन समारोह को बनाया यादगार
समारोह के दौरान स्थानीय कलाकारों, बाल कलाकारों और विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति पर आधारित आकर्षक नृत्य और संगीत प्रस्तुत किए, जिनकी सराहना दर्शकों ने तालियों से की।
नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू ने कहा कि राज्योत्सव न केवल उत्सव है, बल्कि राज्य की सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान का उत्सव भी है।
स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों ने शासन की योजनाओं की जानकारी सहज रूप से प्राप्त की।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभाग सम्मानित
समापन समारोह में सांसद राठिया ने मॉडल, नवाचार और ‘कबाड़ से जुगाड़’ आधारित सृजन के लिए विभागों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। श्रेणी विभाग पुरस्कार का आधार बेस्ट वर्किंग मॉडल जल संसाधन विभाग केलो डेम आधारित सिंचाई मॉडल बेस्ट वर्किंग मॉडल क्रेडा विभाग सोलर ड्यूल पंप परियोजना बेस्ट कार्य प्रदर्शन विद्युत विभाग पीएम सूर्यघर बिजली योजना नवाचार श्रेणी पंजीयन विभाग नवाचार आधारित सेवा विस्तार कबाड़ से जुगाड़ / विज्ञान से प्रगति शिक्षा विभाग रचनात्मक प्रदर्शनी
इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को भी प्रमाण पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, एसपी दिव्यांग पटेल, जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, सहित अनेक जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।
आभार प्रदर्शन संयुक्त कलेक्टर राकेश गोलछा ने किया तथा मंच संचालन प्राचार्य राजेश डेनियल और रंजीत कौर ने किया।












