धान खरीदी से पहले प्रशासन सक्रिय: बलौदा बाजार के किसानों को एग्रीस्टैक पोर्टल में भूमि पंजीकरण के निर्देश

राज्य सरकार ने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए धान खरीदी की शुरुआत 15 नवंबर से करने की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही प्रशासन ने आवश्यक तैयारियों के निर्देश जारी कर दिए हैं। वहीं, बलौदा बाजार जिले के वनांचल क्षेत्रों में कई किसानों का अब तक एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीयन नहीं होने की जानकारी सामने आई है।
NDTV MP CG की खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और तत्काल कार्रवाई करते हुए नए निर्देश जारी किए हैं। अब सभी किसानों के लिए अपने सभी खसरे (भूमि विवरण) को एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीकृत कराना अनिवार्य कर दिया गया है।
एग्रीस्टैक पोर्टल केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके तहत किसानों की जमीन और फसलों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ किसानों तक पारदर्शी और सरल तरीके से पहुंचाना है।
बलौदा बाजार जिले में कई किसानों के खसरे अभी तक पोर्टल में दर्ज नहीं हुए हैं, जिससे उन्हें धान विक्रय के समय परेशानी हो सकती थी। प्रशासन ने अब किसानों से अपील की है कि वे अपने छूटे हुए खसरों को स्वयं या नजदीकी CSC (कॉमन सर्विस सेंटर) के माध्यम से एग्रीस्टैक पोर्टल पर जोड़ें।












