रायगढ़ RPF पोस्ट में दर्दनाक घटना: हवलदार की हत्या के बाद मातम, पोस्टमार्टम के बाद रीवा भेजा गया पार्थिव शरीर

रायगढ़। बुधवार सुबह रेल सुरक्षा बल (RPF) रायगढ़ में घटित दर्दनाक वारदात ने पूरे विभाग को स्तब्ध कर दिया। एक सिपाही द्वारा हवलदार पीके मिश्रा को लगातार चार गोलियां मारकर मौत के घाट उतार देने के बाद पोस्ट परिसर में अफरा-तफरी और गहरा शोक का माहौल बना रहा। घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ पोस्ट के बाहर मीडिया का जमावड़ा लग गया, जो विस्तृत जानकारी मिलने के बाद ही वापस लौटा।
दूसरी ओर, आरपीएफ के अधिकारी और कर्मचारी इस घटना से बेहद दुखी नज़र आए। साथी की आकस्मिक मौत को लेकर सभी सदमे में थे और कोई भी अधिकारी ठीक से बात करने की स्थिति में नहीं था।
पोस्टमार्टम प्रक्रिया में मौजूद रहे IG मुन्नावर खुर्शीद
रीवा (मध्य प्रदेश) से मृतक के परिजनों के रायगढ़ पहुंचने के बाद ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई।
पोस्टमार्टम के दौरान IG मुन्नावर खुर्शीद स्वयं मौके पर मौजूद रहे और परिजनों से मिलकर विभाग की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पार्थिव देह को मृतक के शासकीय क्वार्टर ले जाया गया, जहां उनकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों की मौजूदगी में बाद में पार्थिव शरीर को एंबुलेंस के माध्यम से पोस्ट परिसर के बाहर लाया गया।
RPF परिवार ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई
आरपीएफ रायगढ़ के अधिकारी-कर्मचारियों ने हवलदार पीके मिश्रा को नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
इस दौरान उपस्थित रहे—
- सहायक सुरक्षा आयुक्त एस.सी. हसन
- राकेश कुमार
- पोस्ट प्रभारी निरीक्षक कुलदीप कुमार
- बृजराज नगर पोस्ट प्रभारी निरीक्षक रजीत कुमार सिंह
- निरीक्षक CIB रामलाल यादव
- उपनिरीक्षक संजय कुमार एस.
- सहायक उपनिरीक्षक संत राम अनंत, एस.के. यादव, रणवीर जाट, ए.के. सिंह, एस.बी. सिंह, माधव प्रसाद
सहित आरपीएफ परिवार के अन्य कर्मचारी।
सभी ने अपने साथी हवलदार के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों के साथ शोक साझा किया।
रीवा के लिए रवाना हुआ पार्थिव शरीर
आरपीएफ स्टाफ की दो सदस्यीय टीम परिजनों के साथ हवलदार पीके मिश्रा का पार्थिव शरीर लेकर रात्रि 9 बजे रीवा जिला के लिए रवाना हुई।
वहां परिजनों और स्वजातीय समुदाय की उपस्थिति में उनके पैतृक निवास से अंतिम यात्रा निकाली जाएगी।
मृतक का पुत्र, जो रायगढ़ से 12वीं उत्तीर्ण करने के बाद हैदराबाद में अध्ययन कर रहा है, सीधे रीवा पहुंचेगा और उसके आने के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा।












