रायगढ़ में अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस धूमधाम से मनाया गया

रायगढ़। राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय आयोग, जिला रायगढ़ की ओर से अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस का आयोजन चन्द्रनाहू (चन्द्रा) समाज के सामुदायिक भवन में बड़े ही धूमधाम और गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आयोग के प्रदेशाध्यक्ष श्यामलाल साहू उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में जनकराम पाटिल (प्रदेश अध्यक्ष, एसटी-एससी सेल), मृतुन्जय यादव (प्रदेश अध्यक्ष, युवा), देवेंद्र झलरिया (प्रदेश महासचिव, युवा) तथा मुकेश साहू शामिल हुए।
आयोग के जिलाध्यक्ष भगत चन्द्रा ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सभी अतिथियों के श्रीफल, साल एवं पुष्पमाला से स्वागत के साथ की गई। इसके पश्चात मां सरस्वती को श्रीफल अर्पित कर दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों एवं पदाधिकारियों ने मानवाधिकारों पर अपने-अपने विचार प्रस्तुत किए और रायगढ़ जिले को सशक्त बनाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में मानव जीवन से जुड़े अधिकारों की विस्तृत जानकारी देते हुए समाज में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर यह भी घोषणा की गई कि आगामी नए सत्र की शुरुआत में रायगढ़ में आयोग का वार्षिक अधिवेशन आयोजित किया जाएगा, जिसमें राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. माहताब राय विशेष रूप से शामिल होंगे।
अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस के शुभ अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष, जिलाध्यक्ष सहित सभी अतिथियों एवं पदाधिकारियों ने चन्द्रनाहू समाज के सामुदायिक भवन परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और पर्यावरण के प्रति अपनी सहभागिता का संकल्प लिया।












