एसबीआई ने शुरू किया साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान, रायगढ़ से मिली हरी झंडी

रायगढ़। डिजिटल माध्यम से हो रही बढ़ती धोखाधड़ी और अनधिकृत लेन-देन की घटनाओं को देखते हुए भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने राज्यव्यापी साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान की शुरुआत की है। रायगढ़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आकाश मरकाम ने शुक्रवार को एसबीआई की विशेष साइबर सुरक्षा जागरूकता वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम में पुलिस उप अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा, साइबर डीएसपी सुशांतो बनर्जी, डीएसपी साधना सिंह, एसबीआई क्षेत्रीय प्रबंधक धर्मेंद्र रावत, अग्रणी बैंक प्रबंधक रायगढ़ कमल किशोर सिंह और मुख्य प्रबंधक विकास शर्मा उपस्थित रहे।
अग्रणी बैंक प्रबंधक कमल किशोर सिंह ने बताया कि इस वैन में बड़े ऑडियो-वीडियो स्क्रीन लगाए गए हैं, जिन पर साइबर सुरक्षा संबंधी संदेश प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके साथ ही नुक्कड़ नाटक और नाचा दल के जरिए भी आमजन को साइबर ठगी के नए तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि वैन के माध्यम से जनता को यह सिखाया जाएगा कि वे कभी भी अपने गोपनीय बैंकिंग विवरण, पासवर्ड या ओटीपी किसी के साथ साझा न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। यह जागरूकता वैन खासकर उन क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करेगी, जहां साइबर ठगी की घटनाओं की संभावना अधिक रहती है।












