रायगढ़ में 18.13 करोड़ का बैंक घोटाला: विभागीय जांच शुरू, कई अधिकारी कार्रवाई के घेरे में

रायगढ़। जिले के अपेक्स बैंक की बरमकेला शाखा में हुए 18.13 करोड़ रुपये के गबन मामले में अब विभागीय जांच (डीई) शुरू कर दी गई है। बैंक मुख्यालय के निर्देश पर इस मामले में सारंगढ़ शाखा प्रबंधक और सहायक लेखापाल के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, जबकि पुलिस जांच पहले से जारी है।
एफआईआर दर्ज, जांच तेज
इस घोटाले में तत्कालीन ब्रांच मैनेजर समेत आठ लोगों के खिलाफ 4 मई 2025 को एफआईआर दर्ज की गई थी। बैंक मुख्यालय ने जांच के दौरान सारंगढ़ शाखा प्रबंधक संजय साहू और लेखापाल हेमंत कुमार चौहान की संलिप्तता भी पाई है, जिसके बाद उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई है।
17 समितियों में फैला घोटाला
सारंगढ़ और बरमकेला क्षेत्र की 17 सहकारी समितियों में यह अब तक का सबसे बड़ा वित्तीय घोटाला बताया जा रहा है। बैंक और समिति प्रबंधन की कथित मिलीभगत से करोड़ों रुपये का गबन किया गया। आरोप है कि विभिन्न बैंक खातों में सेंध लगाकर रकम निकाली गई।
ऑडिट के बाद कुल गबन राशि बढ़कर 18.13 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।
कई कर्मचारी बर्खास्त
मामले में बरमकेला शाखा के पूर्व प्रबंधक डीआर वाघमारे, लेखाधिकारी मीनाक्षी मांझी, लिपिक आशीष पटेल समेत चार आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को बर्खास्त किया जा चुका है। इन पर निजी बैंक आईडी का दुरुपयोग कर सुनियोजित तरीके से रकम निकालने का आरोप है।
किसानों के खातों से निकाली रकम
प्रारंभिक जांच के अनुसार, 1 अप्रैल 2024 से 6 नवंबर 2024 के बीच विभिन्न समितियों के 887 किसानों के केसीसी खातों से राशि डेबिट कर दी गई। करीब 9.91 करोड़ रुपये आईएमपीएस ट्रांजेक्शन के जरिए अन्य खातों में ट्रांसफर कर नकद निकाले गए।
आगे की कार्रवाई जारी
मामले में पुलिस विवेचना के साथ-साथ विभागीय स्तर पर भी सख्त कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।






