जांजगीर-चांपा सड़क हादसा: बोलेरो-वैन की टक्कर में बाप-बेटे की मौत, पत्नी गंभीर

जांजगीर-चांपा। जिले के अकलतरा–बलौदा मार्ग पर शनिवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। शनिचरा बांध पुल के पास बोलेरो और वैगनआर कार की आमने-सामने टक्कर में पिता-पुत्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
तेज टक्कर में बाप-बेटे की मौके पर मौत
मिली जानकारी के अनुसार अकलतरा थाना क्षेत्र के अमोरा निवासी रूपेश निर्मलकर (47) अपने परिवार के साथ वैगनआर कार से लौट रहे थे। कार में उनकी पत्नी भगवती, पुत्र राहुल (24) और भांजा सवार थे। इसी दौरान सामने से आ रही बोलेरो से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में रूपेश और उनके बेटे राहुल की मौके पर ही मौत हो गई।
पत्नी की हालत गंभीर, सिम्स रेफर
हादसे में भगवती और भांजे को गंभीर चोटें आई हैं। भगवती की हालत नाजुक बताई जा रही है और उन्हें कोमा की स्थिति में सिम्स अस्पताल रेफर किया गया है।
बोलेरो सवारों को मामूली चोट
बोलेरो में सवार मखला राम, निवासी मुड़ापार (हरदीबाजार) अपने परिवार के साथ गांव लौट रहे थे। हादसे में उन्हें और उनके साथियों को सामान्य चोटें आई हैं।
टक्कर इतनी जबरदस्त, पलट गई कार
पुलिस के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि वैगनआर सड़क किनारे पलट गई और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।






