छत्तीसगढ़

सीएम विष्णुदेव साय ने ‘वंदे मातरम्’ को वैधानिक संरक्षण देने के केंद्र के फैसले का किया स्वागत, कहा—यह राष्ट्रगौरव और सांस्कृतिक विरासत को सशक्त करने वाला ऐतिहासिक निर्णय

Advertisement
मुख्यमंत्री साय ने ‘वंदे मातरम्’ को वैधानिक संरक्षण देने के केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए राष्ट्रगौरव, सांस्कृतिक विरासत का ऐतिहासिक निर्णय बताया।

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘वंदे मातरम्’ को राष्ट्रीय गान के समान वैधानिक संरक्षण प्रदान करने संबंधी केंद्रीय मंत्रिमंडल के ऐतिहासिक निर्णय का स्वागत करते हुए इसे देश की सांस्कृतिक चेतना, स्वतंत्रता संग्राम की गौरवशाली विरासत और राष्ट्रभक्ति की भावना को सम्मान देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया है।

करोड़ों देशवासियों की राष्ट्रनिष्ठा का प्रतीक
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम, 1971 (Prevention of Insults to National Honour Act, 1971) में संशोधन प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान किया जाना प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व और आत्मसम्मान का विषय है। उन्होंने कहा कि, ‘वंदे मातरम्’ भारत की आत्मा, स्वतंत्रता आंदोलन की प्रेरणा और करोड़ों देशवासियों की राष्ट्रनिष्ठा का प्रतीक रहा है।

हर भारतीय के मन में मातृभूमि के प्रति समर्पण का भाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि, आज़ादी की लड़ाई के दौरान ‘वंदे मातरम्’ ने देशवासियों में नई ऊर्जा और आत्मबल का संचार किया था। यह गीत आज भी हर भारतीय के मन में मातृभूमि के प्रति समर्पण, सेवा और गौरव की भावना जागृत करता है। उन्होंने कहा कि, इस निर्णय से राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सम्मान की भावना और अधिक सुदृढ़ होगी।

जनभावनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का कार्य कर रही सरकार- श्री साय
मुख्यमंत्री साय ने इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि, केंद्र सरकार निरंतर भारत की सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय गौरव और जनभावनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान और गरिमा को बनाए रखने का आह्वान भी किया।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button