डोमिनिकन रिपब्लिक में बड़ा विमान हादसा, इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान प्राइवेट जेट क्रैश, 2 की मौत

डोमिनिकन रिपब्लिक। कैरेबियन देश डोमिनिकन रिपब्लिक में शुक्रवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया। ला रोमाना इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान एक प्राइवेट जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसके बाद विमान में भीषण आग लग गई और वह आग के गोले में तब्दील हो गया। इस हादसे में पायलट और को-पायलट की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, उड़ान के दौरान विमान में तकनीकी खराबी आने के बाद पायलट ने नजदीकी एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग की कोशिश की। लेकिन जैसे ही विमान रनवे पर उतरा, वह नियंत्रण से बाहर होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उसमें आग लग गई।
घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक दोनों क्रू मेंबर की जान जा चुकी थी। अधिकारियों ने बताया कि विमान में किसी यात्री के मौजूद होने की पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
हादसे के बाद पूरे इलाके में धुआं फैल गया और कुछ समय के लिए एयरपोर्ट संचालन प्रभावित रहा। राष्ट्रीय विमानन प्राधिकरण (National Aviation Authority) ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि यह एयरपोर्ट टूरिज्म के लिए मशहूर ला रोमाना शहर को सेवाएं देता है, जो डोमिनिकन रिपब्लिक की अर्थव्यवस्था का अहम हिस्सा है। इससे पहले वर्ष 2021 में भी देश में एक प्राइवेट विमान हादसे में नौ लोगों की मौत हो चुकी है।





