छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार तेज, कई जिलों में बारिश और वज्रपात की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां तेजी पकड़ने लगी हैं। प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिल रही है।
19 जून को बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 19 जून को प्रदेश के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने का खतरा भी बना रहेगा। मौसम विभाग रायपुर केंद्र ने बताया कि मौसम में बदलाव के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
अगले 5 दिन ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार आगामी पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
21 और 22 जून को कुछ क्षेत्रों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
पिछले 24 घंटे का मौसम
पिछले 24 घंटों में रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इससे तापमान में गिरावट आई और उमस भरी गर्मी से राहत मिली।
सबसे गर्म रहा दुर्ग
प्रदेश में दुर्ग सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर के लालपुर में तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
रायपुर में झमाझम बारिश
राजधानी रायपुर में गुरुवार शाम तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली।
धमतरी में बिजली गिरने से बड़ा नुकसान
धमतरी जिले के मगरलोड क्षेत्र के डूमरपाली गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 39 भेड़ों और 1 बकरे सहित कुल 40 पशुओं की मौत हो गई। इससे पशुपालक को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम में सावधानी बरतने की अपील की है। गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। किसानों और पशुपालकों को भी सतर्क रहने को कहा गया है।






